विकिपीडिया:यांत्रिक अनुवाद नीति

यह हिंदी विकिपीडिया का यांत्रिक अनुवाद से संबंधित नीति का पृष्ठ है। यांत्रिक अनुवाद से अभिप्राय उन अनुवादों से है जिनमें केवल स्वचालित बॉट अथवा सॉफ्टवेयर आधारित उपकरणों का प्रयोग कर विकिपीडिया के पृष्ठ निर्मित किए गए हैं।

  1. हिंदी विकिपीडिया पर यांत्रिक अनुवाद के साधनों का प्रयोग कर तथा उसकी भाषा को सुधारकर मूल लेख की तरह प्रवाह युक्त पठनीय भाषा में लेख तैयार करना पृष्ठ निर्माण की एक मान्य पद्धति है।
  2. हिंदी विकिपीडिया पर शत-प्रतिशत यांत्रिक अनुवाद करके केवल आँकड़ों वाले पृष्ठ बनाने की स्वीकृति है जिनमें 10 से अधिक शब्दों वाले 2 से अधिक वाक्य न हों।
  3. अनूदित लेख की भाषा की पठनीयता का उत्तरदायित्व पृष्ठ निर्माता का है। यांत्रिक भाषा लगने पर किसी सदस्य के द्वारा शीघ्र हटाने के लिए नामांकन के पश्चात यदि दूसरे सदस्य को भी अनूदित भाषा यांत्रिक लगती है तो पृष्ठ को तुरंत हटाया जा सकता है।
  4. पहले से निर्मित अस्वीकार्य अनुवाद वाले लेख छोटे करके सुधारे जायेंगे या पूर्ण रूप से हटा दिए जाएंगें। इन्हें हटाने के लिए किसी सदस्य द्वारा उसे शीह नामांकित किया जाना जरूरी होगा।
  5. हू-ब-हू यांत्रिक अनुवाद या खराब अनुवाद वाला लेख यदि उसी सदस्य द्वारा पुनः खराब या हू-ब-हू अनुवाद करके बनाया जाता है, बिना शीह किए भी हटाया जा सकता है और संबंधित सदस्य के ऐसे प्रयासों को बर्बरता माना जाएगा। बर्बरता की मात्रा बढ़ने पर प्रबंधक बर्बरता के लिए निश्चित के अनुरूप कार्रवाई कर सकते हैं।
  6. किसी सदस्य या संस्था या कंपनी द्वारा एक ही दिन में 500 से अधिक शब्दों वाले तीन से अधिक पृष्ठों का अनुवाद करने की स्थिति में चौपाल पर सूचना देना आवश्यक होगा। बिना सूचना देकर किए जाने वाले अनुवाद के ऐसे प्रयास भी बर्बरता की श्रेणी में आएंगें।
  7. किसी सदस्य द्वारा आग्रह करने पर अथवा निर्माणाधीन साँचा लगाने पर यांत्रिक अनुवाद को ठीक करने के लिए उनके अंतिम संपादन के बाद भी 7 दिन का समय दिया जाएगा। ऐसा पृष्ठ अनुवादक या सुधारक के आखिरी संपादन के 7 दिन बाद ही शीह के लिए नामांकित किया जाएगा। किंतु एक सदस्य को यह छूट केवल एक ही पृष्ठ के लिए मिलेगी। दूसरे पृष्ठ का यांत्रिक अनुवाद करने से पूर्व पहले बनाए गए पृष्ठ का यांत्रिक अनुवाद सुधारने का कार्य पूर्ण करना आवश्यक होगा।