शैली सिंह (जन्मः 7 जनवरी 2004) लंबी कूद की भारतीय एथलीट हैं। शैली अपने आयु वर्ग में जूनियर राष्ट्रीय लॉन्ग जंप चैंपियन हैं। वो अंडर-18 वर्ग में दुनिया की शीर्ष 20 लंबी कूद की एथलीटों में गिनी जाती हैं।[1][2] अंडर-18 कैटेगरी में उनके नाम लंबी कूद का राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज है। उन्हें जानी मानी भारतीय लंबी कूद की एथलीट अंजू बॉबी जार्ज और उनके पति और कोच रॉबर्ट बॉबी जॉर्ज से प्रशिक्षण मिला है।[3][2]

व्यक्तिगत जीवन और पृष्ठभूमि संपादित करें

शैली का जन्म 7 जनवरी 2004 को झांसी, उत्तर प्रदेश में हुआ। उनकी माँ विनिता सिंह एकल मां हैं और उन पर तीन बच्चों के पालन पोषण की ज़िम्मेदारी थी। वो दर्ज़ी का काम करती थीं।[3][2]

14 साल की उम्र में शैली प्रशिक्षण के लिए बेंगलुरू के अंजू बॉबी जॉर्ज स्पोर्ट्स फाउंडेशन चली गईं।[4] सिंह ने जॉर्ज दंपति की देख रेख में अपना प्रशिक्षण शुरू किया। उनकी कोच और अनुभवी अंजू बॉबी जॉर्ज का मानना है कि सिंह में असाधारण प्रतिभा है और लंबी कूद में वे एक दिन उनका नैशनल रिकॉर्ड तोड़ देंगी, जो 14 सालों से बदस्तूर बना हुआ है।[5]

उपलब्धियाँ संपादित करें

शैली सिंह ने राँची में आयोजित जूनियर नैशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2018 के अंडर-16 वर्ग में लंबी कूद का स्वर्ण पदक हासिल किया, जहाँ उन्होंने लंबी कूद का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी तोड़ा। उन्होंने यह रिकॉर्ड 5.94 मीटर की छलांग के साथ अपने नाम किया।

इसके बाद 2019 में उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड को और बेहतर किया, जब आंध्र प्रदेश के गुंटूर में आयोजित नैशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 6.15 मीटर की छलांग के साथ एक बार फिर स्वर्ण पदक हासिल किया।

यह आईएएएफ़ अंडर-20 चैंपियनशिप 2020 में क्वालिफाइ करने के लिए आवश्यक छलांग से कहीं बड़ी कूद थी।[6] केंद्रीय खेल मंत्री किरन रिजिजू ने उनकी सफलता पर ट्वीट कर उन्हें बधाई दी।[7][2]

अंजू बॉबी जॉर्ज फाउंडेशन में प्रशिक्षण के साथ ही शैली सिंह को ओलंपिक गोल्ड क्वेस्ट और बेंगलुरू स्थित अभिनव बिंद्रा सेंटर से भी मदद मिल रही है।[3][2]

सन्दर्भ संपादित करें

  1. "Long Jumper Shaili Broke Two National Records. Is She The Next Big Thing In Indian Athletics?". IndiaTimes (अंग्रेज़ी में). 2019-11-05. अभिगमन तिथि 2021-02-18.
  2. "शैली सिंह: भारतीय एथलीटों की दुनिया का चमकता सितारा". BBC News हिंदी. अभिगमन तिथि 2021-02-18.
  3. "Coach tips Olympics future for teen prodigy Shaili Singh". The New Indian Express. अभिगमन तिथि 2021-02-18.
  4. "Jr National Athletics: Long Jumper Shaili Singh Breaks National Record - SheThePeople TV" (अंग्रेज़ी में). अभिगमन तिथि 2021-02-18.
  5. Rayan, Stan (2019-01-25). "Shaili Singh: Made for the long jump". The Hindu (अंग्रेज़ी में). आइ॰एस॰एस॰एन॰ 0971-751X. अभिगमन तिथि 2021-02-18.
  6. "Long-jumping and breaking records: Shaili Singh, remember the name". The Indian Express (अंग्रेज़ी में). 2019-11-07. अभिगमन तिथि 2021-02-18.
  7. ANI (2019-11-05). "Rijiju lauds Shaili Singh for scripting national record". Business Standard India. अभिगमन तिथि 2021-02-18.