सोमदेव देवबर्मन भारत के एक उभरते हुए टेनिस खिलाड़ी हैं। भारत की नई टेनिस सनसनी सोमदेव देवबर्मन का जन्म गुवाहाटी में १३ फ़रवरी १९८५ को हुआ था। अमेरिका में रहने वाले सोमदेव के पिता त्रिपुरा जबकि माता मेघालय की हैं। वे चेन्नई ओपन एटीपी टेनिस चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुँचने वाले पहले भारतीय एवं किसी भी एटीपी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुँचने वाले दूसरे भारतीय हैं। उनसे पहले प्रकाश अमृतराज जुलाई २००८ में अमेरिका के न्यूपोर्ट में आयोजित हॉल ऑफ़ फ़ेम टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुँचे थे। इसके अतिरिक्त डबल्स में भारत के शीर्ष खिलाड़ी लिएंडर पेस १९९८ चेन्नई ओपन के सेमीफाइनल में पहुँचे थे। सोमदेव अमेरिका की वर्जीनिया यूनीवर्सिटी के कॉलेज चैम्पियन रह चुके हैं। टेनिस के पावरहाउस अमेरिका की राष्ट्रीय कॉलेज चैम्पियनशिप ऍनसीएए के २००७ और २००८ के चैम्पियन सोमदेव कॉलेज टेनिस के इतिहास के सफलतम खिलाड़ियों में से हैं और अमेरिका में अपने फ़न को निखारने के कारण उनके खेल में वहाँ के टेनिस की झलक साफ दिखती है। ऍनसीएए चैम्पियनशिप केवल २००६-०७ में ही उन्होंने अपने से बेहतर रैंकिग वाले ३३ खिलाड़ियों को धूल चटाई है। यह भारतीय खिलाड़ी वर्जीनिया यूनीवर्सिटी में दो बार सिंगल्स खिताब जीत चुका है। उन्होंने वर्ष २००७ में हुए यूनीवर्सिटी टूर्नामेंट के १२३ साल के इतिहास के सबसे नाटकीय फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त जॉर्जिया बुलडॉग को ७-६ ७, ४-६, ७-६ २ से मात दी। अगले साल उन्होंने जेपी स्मिथ को ६-३, ६-२ से हराया। ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद सोमदेव ने शैरलोटेसविले स्थित स्पोर्ट्स मैनेजमेंट कम्पनी मांबा इण्टरनेशनल के साथ अपने प्रोफेशनल कैरियर की शुरुआत की। जनवरी २००८ में चेन्नई, भारत में खेले जा रहे एटीपी टूर्नामेंट में मोया व कार्लोविच जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को हराकर फाइनल में पहुँचने वाले देवबर्मन मारिन सिलिक से कड़े मुकाबले में ४-६, ६-७ से हारकर उपविजेता बने। सोमदेव में टेनिस विशेषज्ञों को अपार सम्भावनाएँ नजर आ रही हैं। अपने शानदार प्रदर्शन के कारण उन्हें सोमदेव की जगह टेनिसदेव भी कहा जा रहा है।

  • नाम - सोमदेव देवबर्मन
  • उपनाम - बुजी, देव
  • निवास स्थान – शेरलोटेसविले, अमेरिका
  • जन्मदिवस - १३ फ़रवरी १९८५
  • जन्म स्थान - गुवाहाटी, भारत
  • कद - ५ फुट, ११ इंच
  • वजन - ७२ किलोग्राम
  • प्रोफेशनल कैरियर की शुरुआत - २००८
  • खेल का तरीका - दाएँ हाथ से
  • कैरियर प्राइजमनी - ६०,८७५ डॉलर
  • सिंगल्स उच्चतम रैंकिंग - २०१, १० नवम्बर २००८ से
  • डबल्स उच्चतम रैंकिंग - ५६६, २० अक्टूबर २००८ से
  • सिंगल्स खिताब - चैलेंजर्स – १ बार, फ्यूचर्स – ४ बार