पादप जगत पौधों का संसार है। इस संसार में विविध प्रकार के रंग बिरंगे पौधे हैं। कुछ एक को छोड़कर प्रायः सभी पौधे अपना भोजन स्वयं बना लेते हैं। इनके भोजन बनाने की क्रिया को प्रकाश-संश्लेषण कहते हैं। इनमें यूकैरियोटिक प्रकार की कोशिका पाइ जाती है। पादप जगत इतना विविध है कि इसमें एक कोशिकीय शैवाल से लेकर विशाल बरगद के वृक्ष सम्मिलित हैं। जीव जंतुओं या किसी भी जीवित वस्तु के अध्ययन को जीवविज्ञान कहते हैं। इस विज्ञान की दो मुख्य शाखाएँ हैं : प्राणिविज्ञान, जिसमें जंतुओं का अध्ययन होता है और वनस्पतिविज्ञान या पादपविज्ञान, जिसमें पादपों का अध्ययन होता है।