विकिपीडिया:अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

विकिपीडिया क्या है?

विकिपीडिया एक मुक्त ज्ञानकोश है जो दुनिया भर के उन लाखों योगदानकर्ताओं द्वारा लिखा जाता है जो ज्ञान को बाँटने एवं उसका प्रसार करने में विश्वास रखते हैं। विकिपीडिया के हर लेख एवं सामग्री के पीछे लाखों लोगों का कठिन प्रयास एवं ज्ञान निहित है। इस समय अंग्रेज़ी विकिपीडिया सबसे बड़ा एवं विशाल ज्ञानकोश है जिसमें ५० लाख से भी अधिक लेख हैं। हिन्दी विकिपीडिया पर लेखों की संख्या १ लाख से ज्यादा है। विकिपीडिया परियोजनाएं २० भारतीय भाषाओं सहित विश्व की २७९ से भी अधिक भाषाओं में उपलब्ध हैं। विकिपीडिया में हर लेख स्वयंसेवकों के एक बड़ी संख्या में किए गए सहयोगी सम्पादनों का परिणाम है।

विकि क्या है?

विकि सॉफ़्टवेयर वार्ड कुन्निगम द्वारा १९९४ में विकसित किया गया था। तब उसने विकिवेब सॉफ़्टवेयर विकसित कर इसे २५ मार्च १९९५ को www.c2.com नामक वेबसाईट पर प्रस्तुत किया था। उसने स्वयं इसके लिए विकि नाम का सुझाव दिया था। उसने यह नाम होनोलुलु द्वीप पर स्थित हवाईअड्डे के एक कर्मचारी से सुना, जिसने उसे हवाईअड्डे के दोनों सिरों के बीच चलने वाली बस विकिविकि चान्स आर टी ५२ के बारे में बताया। विकि का अर्थ हवाईयन भाषा में तेज़ गति होता है।

सामान्यत अन्तरजाल में किसी भी वेबसाईट पर कोई जानकारी देने के लिए अथवा सुरक्षित रखने के लिए हमें वेबसाईट के स्वामी से अनुमति लेनी पड़ती है परन्तु विकि एक ऎसा साफ़्टवेयर है जो सभी को किसी भी प्रकार की प्रतिबाधा से मुक्त रखकर बिना किसी तकनीकी ज्ञान एवं विशेषाधिकार के किसी भी सूचना सामग्री को जोड़ने, संशोधित करने एवं पुन: हटाने की सुविधा उपलब्ध कराता है। क्योंकि किसी विकि साफ़्टवेयर पर सूचना सामग्री डालना अत्यन्त सरल है जिस कारण यह सहयोगात्मक संलेखन के लिए एक सर्वोत्तम उपकरण है।

क्या विकि और विकिपीडिया एक हैं?

विकि और विकिपीडिया एक ही संस्था अथवा नाम नहीं है। चूंकि विकि साफ़्टवेयर सहयोगात्मक संलेखन के लिए एक सर्वोत्तम उपकरण है इसलिए विकिपीडिया जो कि एक मुक्त ज्ञानकोश है, सूचना सामग्री जोड़ने या हटाने के लिए इसका उपयोग करता है। विकिपीडिया केवल उन वेबसाइट्स में से एक सबसे अधिक प्रसिद्ध एवं विशाल वेबसाईट है जो विकि साफ़्टवेयर का प्रयोग करती है इस कारण कई लोग यह मान लेते है कि विकि और विकिपीडिया दोनों एक ही हैं परन्तु यह सत्य नहीं।

विकिपीडिया का इतिहास

विकिपीडिया इण्टरनेट पर आधारित एक मुक्त ज्ञानकोश परियोजना है। यह विकि के रुप में है, यानी एक ऐसा जाल पृष्ठ जो सभी को इसका सम्पादन करने की छूट देता है। विकिपीडिया शब्द विकि और एनसाइक्लोपीडिया (ज्ञानकोश) शब्दों को मिला कर बना है। विकिपीडिया एक बहुभाषीय प्रकल्प है, और स्वयंसेवकों के सहकार से निर्मित है। जिसकी भी इण्टरनेट तक पहुंच है वह विकिपीडिया पर लिख सकता है और लेखों का सम्पादन कर सकता है। विकिपीडिया के मुख्य सर्वर टैम्पा, फ़्लोरीडा में है। अतिरिक्त सर्वर एम्सटर्डम और सियोल में हैं।

निपुण लोगों द्वारा बनाए गए ज्ञानकोश न्यूपीडिया के पूरक के रूप में २९ जनवरी, २००१ में इसका शुभारम्भ हुआ। अब यह विकिमीडिया फाउण्डेशन द्वारा संचालित है जो एक अलाभकारी संस्था है। २००६ के मध्य में इसमें ४६ लाख से भी अधिक लेख थे, और केवल अंग्रेज़ी भाषा में ही १२ लाख से भी अधिक लेख थे। अब यह २७९ से भी अधिक भाषाओं में है, जिसमें से ३६ भाषाओं में १ लाख से भी अधिक लेख हैं। जर्मन भाषा के विकिपीडिया को डीवीडी में भी वितरित किया गया है। विकिपीडिया के संस्थापक जिमी वेल्स के शब्दों में यह "विश्व के प्रत्येक व्यक्ति के लिए, उनके अपनी भाषा में एक बहुभाषीय, मुक्त, सर्वाधिक सम्भव गुणवत्ता वाला विश्वकोश बनाने और वितरित करने का प्रयास है।"

क्या इस विकि अभियान को केन्द्र या राज्य सरकार की सहायता प्राप्त है?

विकिपीडिया एक अलाभकारी संगठन है जो विकिमीडिया फाउण्डेशन द्वारा संचालित किया जाता है। यह फाउण्डेशन सरकार से किसी प्रकार का कोई कोष या चन्दा प्राप्त नहीं करता। यह फाउण्डेशन मुख्यत सम्पूर्ण जन समुदाय के दिए गए दान से एकत्रित कोष द्वारा संचालित किया जाता है। क्योंकि अब विकिपीडीया अत्यधिक लोकप्रिय हो चुका है इसलिए कुछ सरकारी संस्थाएं एवं व्यवसायिक संगठन भी इसे दान के रुप में सहायता उपलब्ध करना आरम्भ कर चुके हैं।

क्या मुझे हिन्दी विकिपीडिया पर कोई लेख आरम्भ करने से पहले पर्याप्त जानकारी होना आवश्यक है?

अधिकतर लोगों के बीच यह एक गलत अवधारणा है कि विकिपीडिया पर कोई लेख लिखने के लिए हमें पर्याप्त जानकारी होना आवश्यक है परन्तु ऐसा नहीं है। विकिपीडिया पर कोई भी लेख लिखने या सम्पादित करने के लिए आपका किसी क्षेत्र-विशेष में विशेषज्ञ होना आवश्यक नहीं है। विकिपीडिया का हर लेख सैंकड़ों योगदानकर्ताओं के सामुहिक प्रयास का परिणाम है। आप जिस लेख को बहुत कम जानकारी डालकर आरम्भ करेंगे कल उसे कोई और व्यक्ति कुछ नई जानकारी डालकर बढ़ा देगा फिर कोई और, और इस प्रकार कुछ दिनों बाद वह लेख ज्ञान की छोटी-छोटी बूँदों से भरकर परिपूर्ण हो जाएगा जिससे अनेक उत्सुक पाठकों की ज्ञानरुपी प्यास बुझेगी। जिस प्रकार आप जो प्रयास किसी अन्य के लिए करेंगे जिससे उसका ज्ञानवर्धन होगा, उसी प्रकार अन्य लोग भी समान प्रयास कर अनेक लेख बनाएंगे जिससे आपका एवं कई अन्य लोगों का ज्ञानवर्धन होगा। इस प्रकार जब कई लोग स्वयं से ज्ञान की छोटी-छोटी बूँदे समर्पित करेंगे तो ज्ञान का एक ऐसा सागर बन जाएगा जिससे आने वाली समस्त पीढ़ियों के साथ हम सब की ज्ञान रुपी जिज्ञासा शान्त होगी।

मान लीजिए कि आज किसी ने विकिपीडिया पर विद्युत बल्ब के ऊपर केवल एक पंक्ति का लेख लिखा। कुछ दिनों बाद जब उसे कोई अन्य इञ्जिनियर छात्र विकि पर देखता है तो वह उसमें कुछ और जानकारी डाल सकता है और इस प्रकार इस लेख में जानकारी बढ़ती रहेगी जिससे यह बल्ब के ऊपर एक विशाल जानकारी का स्त्रोत बन जायेगा। अत:किसी भी विषय में कम जानकारी से न घबराएं, मुक्त मन से विकिपीडिया पर लेख लिखना आरम्भ करें।

क्या विकिपीडिया पर कोई ऐसा नियम है कि किस विषय पर लिखना है और किस विषय पर नहीं?

आप विकिपीडिया पर किसी भी विषय पर लेख लिख सकते है बशर्ते कि यह लेख ज्ञानकोश की शैली के अनुरुप हो। जिसके लिए विकिपीडिया पर कई विकिनीतियां निर्धारित है। हाँ यह सामान्य समझ की बात है कि विवादित विषयों पर लेख बनानें से पूर्व यह सुनुश्चित कर लें कि लेख की जानकारी बिल्कुल निष्पक्ष हो। अन्य किसी लेख पर भी जानकारी निष्पक्ष होनी चाहिए क्योंकि विकिपीडिया ज्ञान बाँटने का साधन है ना कि किसी के पक्ष-विपक्ष में दुष्प्रचार करने का।

मेरे बनाए लेख को कई लोग सम्पादित करते है ऐसा क्यों?

विकिपीडिया का कोई भी लेख किसी अकेले व्यक्ति से सम्बन्धित नहीं होता, बल्कि यह अनेक सदस्यों के सहयोगात्मक एवं सामूहिक योदगान का परिणाम होता है। हाँ यदि आपके द्वारा बनाए गए लेख में कोई दूसरा सदस्य गलत जानकारी डालता है तो आप उसे हटा सकते है अथवा प्रबन्धकों की सहायता से उस अनावश्यक सामग्री को हटवा सकते है। आप किसी सदस्य से उसके द्वारा जोड़े गए तथ्य पर उससे लेख के वार्ता पृष्ठ पर चर्चा भी कर सकते है जिस पर अन्य प्रबन्धक एवं सदस्यगण भी अपनी प्रतिक्रिया देते है और बहुमत के आधार पर यदि ऐसा लगता है कि वह तथ्य सही है तभी उसे लेख में रखा जाता है। विकि में कोई भी तथ्य देने के साथ सम्पादक को उसका सन्दर्भ भी देना पड़ता है अन्यथा उस जानकारी को अविश्वसनीय माना जा सकता है जब तक कि वह जन सधारण को ज्ञात तथ्य न हो तो, जैसे सूर्य पूर्व में उगता है यह बात सभी जानते है अत: इसके लिए तथ्य देने की कोई आवश्यकता नहीं है। विकिपीडिया पर सन्दर्भों की विश्वसनीयता के ऊपर भी अपनी नीतियां है।

विकिपीडिया में कौन-कौन योगदान कर सकता है

कोई भी व्यक्ति जो अपनी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि, जातीयता, व्यावसायिक या राजनीतिक पृष्ठभूमि या हितों पर ध्यान दिए बिना ज्ञान को बाँटकर ज्ञान का प्रसार करने का इच्छुक है, इस परियोजना को अपना योगदान दे सकता है। कोई भी जो अपने ज्ञान को विकिपीडिया के जरिये सुरक्षित रखना चाहता है एवं उसे जन जन तक पहूँचाकर सबको लाभान्वित करने का इच्छुक है, इस परियोजना को अपना योगदान दे सकता है। इस प्रकार चाहे कोई कालेज का विद्यार्थी, इञ्जीनियर, डाक्टर, पत्रकार, किसान, व्यवसाई इत्यादि हर कोई विकिपीडिया की परियोजनाओं को अपना योगदान देकर ज्ञान का प्रसार कर सकता है।

क्या विकिपीडिया भारतीय भाषाओं में भी उपलब्ध है?

सर्वप्रथम अंग्रेज़ी विकिपीडिया १५ जनवरी २००१ को आरम्भ किया गया था, परन्तु इस वर्ष एक भी भारतीय भाषा का विकिपीडिया आरम्भ नहीं किया जा सका। सर्वप्रथम जून २००२ को पंजाबी, असमी, और उड़िया विकिपीडिया बनाए गए। फिर इसी वर्ष दिसम्बर में मलयालम विकिपीडिया भी आरम्भ किया गया। २००३ के बाद अन्य कई भारतीय भाषाओं के विकिपीडिया आरम्भ किए गए। फिर फरवरी २००३ में भोजपुरी, मई २००३ में मराठी, जून २००३ में कन्नड़, जुलाई २००३ में हिन्दी, सितम्बर २००३ में तमिल, दिसम्बर २००३ में तमिल एवं तेलुगु, जनवरी २००४ में बंगाली एवं अगस्त २०१९ में संताली में विकिपीडिया आरम्भ किए गए। इस प्रकार अब भारतीय भाषाओं में कुल २० विकिपीडिया संस्करण उपलब्ध हैं।

मैं अंग्रेज़ी भाषा में प्रवीण हूँ तो मैं हिन्दी विकिपीडिया पर क्यों योगदान दूँ?

आप अंग्रेज़ी में दक्ष है तो यह बहुत प्रशन्सनीय बात है परन्तु यह आपकी मातृ भाषा को त्याग देने का कारण नहीं बनना चाहिए। आप अंग्रेज़ी में उपलब्ध सूचना को एकत्रित कर उसे अपनी मातृ भाषा में दे सकते है जिससे उन लोगों को बहुत सहायता पहूँचेगी जो अंग्रेज़ी भाषा नहीं जानते अथवा जो लेख को अपनी मातृ भाषा में पढना पसन्द करते है। ऐसे अनेक भारतीय हैं जो अंग्रेज़ी में दक्ष नहीं वरन अपनी मातृ भाषा में दक्ष हैं। अंग्रेज़ी दक्ष होना या न होना किसी भी व्यक्ति को अपनी मातृ भाषा में ज्ञान बाँटने अथवा एकत्रित करने से नहीं रोकता। हिन्दी हमारी मातृ भाषा ही नहीं वरन् राष्ट्र भाषा और सर्वाधिक व्यापक भाषा भी है। अत: इसके वर्चस्व को बनाए रखने का दायित्त्व हम सब ४३ करोड़ हिन्दी भाषियों पर है और हिन्दी विकिपीडिया हिन्दी में ज्ञान को बचाए रखने एवं उसका प्रसार करने के लिए सर्वोत्तम स्थान है। अत: हम सब इसमें योगदान क्यों न करें? केवल इसलिए कि हम अंग्रेज़ी में प्रवीण है या हमें अपनी मातृ भाषा बोलने में झिझक आती है। यदि आपको झिझक आती है तो उसे दूर करने का सर्वोत्तम उपाय भी विकिपीडिया है क्योंकि विकिपीडिया पर आपके योगदान के साथ हिन्दी एवं ज्ञान दोनों का प्रसार होगा और हिन्दी का जितना प्रसार होगा उतना ही आपको अपने आपको हिन्दी भाषी कहने में गर्व अनुभव होगा, अत: जब हम अपने मित्रों से एवं परिवारजनों से निसंकोच हिन्दी में बात कर सकते है तो हिन्दी विकिपीडिया पर हिन्दी में योगदान करने में संकोच कैसा?

मैं हिन्दी विकिपीडिया में योगदान करना चाहता हूँ परन्तु मुझे अपने संगणक पर हिन्दी लिखनी नहीं आती

हिन्दी विकिपीडिया पर हिन्दी लिखना अत्यन्त सरल है। हिन्दी विकि पर इसके लिये लिप्यन्तरण (ट्रान्सलिटरेशन) उपकरण उपलब्ध है जिसकी सहायता से आप सरलता से हिन्दी लिख सकते है। बस इससे पहले आप कुछ जानकारी इस वेबपृष्ठ से ले लें- http://hi.wikipedia.org/wiki/विकिपीडिया:देवनागरी में कैसे टंकण करें?, जिसमें आपको इस उपकरण का उपयोग करने की पूरी जानकारी मिलेगी। यह उपकरण उपयोग करने में अत्यन्त सरल है जिसे हज़ारो विकिपीडिया के सदस्य उपयोग करके संगणक पर हिन्दी लिखना सीख चुके हैं।

और इसका दूसरा तरीका यह भी है कि आप गूगल इनपुट उपकरण का प्रयोग कर सकते है। इसे आप यहाँ से डाउनलोड कर बड़े ही आसानी से हिंदी लिख सकते हैं। जैसे आप को "नमस्ते" लिखना है तो आप बस अंग्रेजी में "namaste" टाइप कीजिये और टाइप करते ही यह उपकरण इसे हिंदी में बदल देगा।

मैं विकिपीडिया पर लेखों का योगदान क्यों दूँ, इससे मुझे क्या लाभ मिलेगा?

याद रखें कि विकिपीडिया कोई व्यवसायिक संस्था नहीं, अपितु एक ऐसी संस्था है जिसे आप, मैं एवं हम; सब लोग अपने योगदान से चलाते है। यह हम सब का एक सामूहिक प्रयास है ज्ञान को अपनी मातृभाषा में सुरक्षित रखने का एवं हिन्दी का वर्चस्व बनाए रखने का। वैसे भी ज्ञान तो बाँटने से ही बढ़ता है। तो क्या आप अपने ज्ञान का प्रसार नहीं करना चाहेंगे? आप विकिपीडिया पर अपने महत्त्वपूर्ण ज्ञानार्जन को लेख बनाकर सुरक्षित रख पाएंगे अन्यथा समय के साथ आपके द्वारा परिश्रम से एकत्रित किया गया ज्ञान क्षीण होता-होता लुप्त हो जायेगा जिसे पुन: प्राप्त करने में आप कदाचित उतना प्रयास या परिश्रम नहीं लगा पाएंगे। यदि इस सामूहिक प्रयास में हम सब अपना ज्ञान बाँटेगें तो इससे ज्ञान का एक ऐसा जलाशय बन जाएगा जिससे हम ही नहीं अपितु हमारी आने वाली पीढ़ियां भी अपनी ज्ञान की प्यास बुझा पाएंगी। हिन्दी विकिपीडीया के रुप में हम अपने ज्ञान को जो सदियों से न बाँटने के कारण लुप्त होता जा रहा है अपनी मातृ भाषा में सुरक्षित रख सकते है। सोचिए यदि हम सब मिलकर यह प्रयास करेंगे तो इससे भारतवर्ष के हर हिन्दी भाषी को उसकी मातृभाषा में बिल्कुल नि:शुल्क और हर समय एवं हर प्रकार की सूचना उपलब्ध रहेगी। अंग्रेज़ीभाषियों ने तो ऐसा कर दिखलाया है तो क्या हम ४३ करोड़ हिन्दीभाषी ऐसा प्रयास नहीं कर सकते?

हिन्दी विकिपीडीया का इतिहास एवं वर्तमान स्त्तर

हिन्दी विकिपीडिया, विकिपीडिया का हिन्दी भाषा का संस्करण है, जिसका स्वमित्व विकिमीडिया संस्थापन के पास है। हिन्दी संस्करण जुलाई २००३ में आरम्भ किया गया था, और वर्तमान में यह 1,61,029 लेखों, 973 सक्रिय प्रयोक्ताओं, एवं 8,06,072 कुल प्रयोक्ताओं के साथ यह भारतीय और दक्षिण एशियाई भाषाओं में उपलब्ध विकिपीडिया का सबसे बड़ा संस्करण है।

हिन्दी विकिपीडीया को मुख्यतः हिन्दी भाषी लोगो की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिया बनाया गया था। चूंकि हिन्दी विकिपीडिया इण्डिक स्क्रिप्ट देवनागरी का प्रयोग करता है इसलिए इसमें जटिल पाठ प्रतिपादन सहायक की आवश्यकता पड़ती है जिसके लिए यहां पर ध्वन्यात्मक रोमन वर्णमाला परिवर्तक उपलब्ध है अत: यहाँ देवनागरी(हिन्दी) लिखना अत्यंत सरल है।

अन्य विकि परियोजनाएं

विकिमीडिया फाउण्डेशन की हिन्दी में भी कई परियोजनाएं है जैसे हिन्दी विकिपीडीया, हिन्दी विकिबुक्स, हिन्दी विक्षनरी, हिन्दी विकिक्वोट इत्यादि। विकिपीडिया की सफलता के बाद विकिमीडीया फाउण्डेशन ने कुछ और विकि परियोजनाओं को आरम्भ किया है:

  • विकिस्रोत - मुक्त स्त्रोत सामग्री, विभिन्न ऑनलाईन पुस्तकों के संग्रह के लिए एक मुक्त संग्रहालय
  • विकिपुस्तक - नई पुस्तको की रचना और निशुल्क पुस्तकों एवं उपयोगी सामग्री हेतु
  • विकिसूक्ति - विभिन्न सुभाषितों के संकलन हेतु
  • विकिविश्वविद्यालय- निःशुल्क पठन सामग्री एवं पठन क्रियाकलाप हेतु
  • विक्शनरी - एक शब्दकोष एवं समानान्तर कोष, विभिन्न भाषाओं से हिन्दी भाषा में एक विशाल शब्दकोष निर्माण हेतु
  • विकियात्रा - एक यात्रा निर्देशिका

क्या विकि पर मेरे द्वारा डाली गई जानकारी सुरक्षित रहेगी एवं क्या विकिपीडीया पर उपलब्ध जानकारी प्रमाणिक होती है, क्योंकि विकि पर तो कोई भी सम्पादन कर सकता है?

जी हाँ बिल्कुल। यदि आपके द्वारा डाली गई जानकारी अथवा आपके द्वारा बनाया गया लेख एक ज्ञानकोश की शैली के अनुरुप है तो वह अवश्य सुरक्षित रहेगी। यदि कोई अन्य सदस्य आपकी इस जानकारी अथवा लेख को हटाता या खराब करता है तो आप उसे पुन: पहले वाली अवस्था पर ला सकते है अन्यथा हिन्दी विकि के प्रबन्धको अथवा सक्रिय सदस्यों की सहायता ले सकते है। हाँ यदि कोई अन्य व्यक्ति आपके द्वारा बनाये गए लेख को और विकसित करना चाहता है तो उसे इसका पूर्ण अधिकार है परन्तु यदि वह कोई आपत्तिजनक सामग्री डालता है तो आप उससे चर्चा कर सकते है और यदि चर्चा में वह गलत सिद्ध होता है तो आप उस सामग्री को हटा सकते है और यदि वह या कोई अन्य सदस्य उस सामग्री को बार-बार डालकर आपके लेख को खराब करता है तो उस सदस्य को प्रबंधकों की मदद से सम्पादन अधिकार से वंचित भी रखा जा सकता है। अत: आप निर्भय होकर हिन्दी विकिपीडिया पर अपना योगदान दें। विकिपीडीया पर यह पूर्ण प्रयास किया जाता है कि लेखों को बर्बरता एवं गलत तथ्यों से बचाया जा सकें

विकिपीडिया के लाभ

विकिपीडिया के निम्नलिखित लाभ हैं:

  • विकिपीडिया एक बहुभाषीय प्रकल्प है, और स्वयंसेवकों के सहकार से निर्मित है। जिस किसी की भी इण्टरनेट तक पहुंच है वह विकिपीडिया पर लिख सकता है और लेखों का सम्पादन कर सकता है।
  • विकि स्वरूप के कारण लेखों की कड़ियों को शब्दों के साथ जोड़ना सरल है, इससे न केवल लेख के बारे में जानकारी मिलती है, बल्कि उससे जुड़ी अन्य रोचक जानकारियां भी प्राप्त होती हैं। उदाहरण के लिएः यदि आप मुम्बई विस्फोटों से जुड़ा लेख पढ़ रहे हैं तो उसमें * इण्टरविकि से भिन्न भाषाओं के लेख जुड़े होते हैं। हिन्दी मे महात्मा गाँधी के लेख के साथ लगभग ३१ और भाषाओं में उस लेख की कड़ी है, जिससे आप किसी और भाषा जैसे की गुजराती मे लिखा गया लेख तुरन्त ही पढ़ सकते है।
  • विकिपिडीया में बहुत तेज़ी से समसामयिक विषयों के बारे में लेखों का विकास हो सकता है जैसे कि मुम्बई विस्फोटों के समाचार आने के कुछ देर बाद ही उसके बारे में अंग्रेज़ी विकिपीडिया में प्रासंगिक कड़ियों के साथ लेख उपलब्ध था। ऐसे ही परिणाम आपसी सहयोग से हम हिन्दी में भी प्राप्त कर सकते है।
  • गूगल और अन्य खोज इञ्जनों की खोज करने पर विकिपीडिया के लेख, परिणामों में प्रमुखता से उभरते हैं। स्पष्ट है कि हिन्दी विकिपीडिया के विकास से इण्टरनेट पर हिन्दी का उपयोग करने वाले लोगों की संख्या में भी वृद्धि होगी। लोगों को हिन्दी का उपयोग करने हेतु एक और मंच मिलेगा।
  • विकिपीडिया एक ऐसा मंच है जो शिकायत का अवसर नहीं देता है, बल्कि आपको अपनी ही शिकायत दूर करने का अवसर देता है। यदि आपको लगता है कि कोई जानकारी अधूरी है या गलत है, तो आप तुरन्त उसमें घटजोड़ या सुधार कर सकते हैं।

हिन्दी में कौन-कौन सी विकि परियोजनाएं सक्रिय है?

निम्नलिखित परियोजनाएं हिन्दी भाषा में सक्रिय हैं:

यह हिन्दी में विकि की सबसे अधिक सक्रिय परियोजना है।

यह परियोजना हिन्दी में विभिन्न शब्द, पर्यायवाची, विलोम, व्युत्पत्ति आदि की परिभाषा बनाने हेतु है।

यह परियोजना शैक्षिक पाठ्यपुस्तकों की एक मुफ्त पुस्तकालय बनाने के लिए हेतु है जिसे कोई भी सम्पादित कर सकता है।

यह परियोजना विभिन्न लोकोक्तियों ,मुहावरो एवं कथनों का संग्रह है।

मुद्राधिकार मुक्त (कॉपीराइट फ्री) पुस्तकों का एक ऑनलाइन मुक्त पुस्तकालय

शिक्षण गतिविधियों के लिए एक मुक्त विद्यालय

हिन्दी विकिपीडिया से सम्बन्धित किसी प्रकार की सहायता या कोई समस्या आने पर मैं कहां सम्पर्क करुं?

हिन्दी विकिपीडीया में सम्पादन से सम्बन्धित या किसी अन्य समस्या के आने पर आप वहां इस कड़ी - http://hi.wikipedia.org/wiki/विकिपीडिया:चौपाल पर अपना सन्देश दे सकते है अथवा किसी भी प्रबन्धक से सम्पर्क कर सकते है। इसके अतिरिक्त आप हमें https://lists.wikimedia.org/mailman/listinfo/wikihi-l पर भी अपना सन्देश दे सकते हैं।

मैंने अंग्रेज़ी विकिपीडिया के लिए एक लॉगईन बनाया है। क्या मैं हिन्दी विकिपीडिया के लिए भी उसी लॉगईन का उपयोग कर सकता हूँ?

जी हाँ। इसके लिए आपको सभी विकिमीडिया परियोजनाओं के अपने खातों को एकजुट करना होगा। अधिक जानकारी के लिए http://meta.wikimedia.org/wiki/SUL पर जाएं।

क्या हिन्दी विकि परियोजनाओं के बारे में चर्चा करने के लिये कोई गूगल या याहू जैसा समूह है जहां पर हम हिन्दी विकिपीडिया के सदस्यों से चर्चा कर सकें?

हाँ, हिन्दी विकिपीडिया का स्वयं का एक मेल समूह है जिस पर अधिकतर सक्रिय सदस्य उपलब्ध रहते है। इससे जुड़ने के लिए कृपया इस कड़ी पर जाएं:

इसके अतिरिक्त एक मुक्त नोड रिले वार्ता पर भी आप हिन्दी विकिपीडिया के सदस्यों से चर्चा कर सकते है परन्तु इस पर आपको कम ही सक्रिय सदस्य मिलेंगे। यह सर्वर कड़ी निम्नलिखित है -

  • Server: irc.libera.chat
  • Channel: #wikipedia-hi

इसके अतिरिक्त आप हिन्दी विकिपीडिया के गूगल समूह से भी जुड़ सकते है जिसकी कड़ी निम्नलिखित है-

  • hindi_wikipedia@googlegroups.com

मुझे भी विकिपीडिया में योगदान देना है, मैं कैसे करुँ?

विकिपीडिया पर आपका स्वागत है। आप जैसे विचारको के कारण ही विकिपीडिया का विकास हुआ है। विकिपीडिया पर योगदान के कई तरीके हैं। कुछ यहाँ सुझाये गये हैं।

गलतियाँ सुधारें

विकिपीडिया पर लेख पढते समय अक्सर ही लोग पाते हैं कि "कुछ सही नहीं है"। यह गलतियाँ हो सकती हैं - कडियाँ, मात्रायें, व्याकरण या जानकारी आदि। फिर वे तुरन्त ही बदलें बटन को क्लिक करते हैं और गलती सही कर देते हैं। लगभग हर एक योगदान करने वाले की शुरूआत की यही कहानी है। अगर आपको यह पता नहीं है क्या सही है, या आपको कुछ अन्देशा है तो पहले आप उस लेख के संवाद पृष्ठ पर चर्चा कर लें। लेख के संवाद पृष्ठ पर जाएँ, "+" बटन को क्लिक करें। अपने चर्चा का शीर्षक दें, और चर्चा आरम्भ कर दें। और हाँ, अपना हस्ताक्षर और समय देना न भूलें, उसके लिए ~~~~ का प्रयोग करें।

नए लेख आरम्भ करें

देखे: विकिपीडिया:नया पन्ना कैसे आरम्भ करें तथा विकिपीडिया:लेख का नाम कैसे रखें

नया लेख आरम्भ करना काफी महत्त्वपूर्ण काम है। विशेषतः जब कई लेख किसी खाली पन्ने से जुडे हों।

विकिपीडिया लेखों मे अक्सर ही कई कड़ियाँ होती है। यह नीली होती है अगर कड़ी का लेख विकिपीडिया में है तो (या जामुनी, अगर आपने उस कड़ी को क्लिक किया है)। अगर कड़ी का लेख विकिपीडिया में नहीं है तो कड़ी का रंग लाल होता है। लाल कड़ी को क्लिक करने से नए लेख का पन्ना मिलता है। वहाँ आप नए लेख को लिखें और अपने योगदान को सुरक्षित कर दें। आपका धन्यवाद, आपने विकिपीडिया में नया पन्ना जोड़ दिया।

कई बार गलत वर्तनी (spelling) के कारण भी लेख नदारद पाया जाता है। नए लेख को बनाने से पहले देख ले कि कही वर्तनी तो गलत नहीं। ऐसा हो तो वर्तनी सही कर दें, कडी नीली हो जानी चाहिए। समानार्थ शीर्षक वाले लेखो को जोडने के लिए आप पुनर्निर्देशन (Redirect) का प्रयोग करें। उदाहरण के लिए देखे: [बनारस]। यहाँ लेख पर विशेष कमाण्ड है: #REDIRECT [[वाराणसी]], सो बनारस लेख अपनी कड़ी को वाराणसी लेख पर भेज देता है। ऐसा इसलिए क्योकि बनारस और वाराणसी एक ही शहर के दो नाम हैं। इसके अतिरिक्त हिन्दी में एक ही शब्द की कई वर्तनियाँ हो सकती हैं, ऐसे में सामान्य वर्तनी वाले नाम को शुद्ध परम्परागत नाम वाले पन्ने पर पुनर्निर्देशित कर देना चाहिये।

मेरे लेखों को दूसरों ने बदल दिया

आपके लेखों को दूसरों के द्वारा बदला जाना इस बात को दर्शाता है कि लेख लोकप्रिय है। आप चाहेंगे कि जिसने भी उस लेख को बदला है उनसे वार्ता आरम्भ करें। आप लेख के संवाद पृष्ठ या योगदान करने वाले सदस्य के वार्ता पृष्ठ पर चर्चा करें। आप बदलाव के लिए आभार प्रकट करना चाहेंगे या बदलाव के विषय में अधिक जानकारी की माँग करना चाहेंगे। पारस्परिक संवाद से लेखों को सुधरते हुए पाया गया है।

अगर मेरे पास पूरी जानकारी नहीं है तो भी क्या मैं योगदान दे सकता हूँ?

आपके पास जितनी भी जानकारी है विकिपीडिया पर दें। केवल अपने लेख के अंत में {{आधार}} जोड दें। जो उस लेख के बारे मे पूरी जानकारी रखते हैं, वे उसे पूरा कर देंगे। ऐसा करने में कुछ वक्त लग सकता है मगर कम से कम कुछ जानकारी तो उपलब्ध रहेगी।

मेरे व्यक्तिगत विचार क्यों लेखों में से हटा दिए गए?

विकिपीडिया निष्पक्ष और प्रमाणित जानकारी देने पर जोर देता है। व्यक्तिगत विचार पक्षपात और विवादों को जन्म देते है। विकिपीडिया पर आप जानकारी दें, अपने विचार नहीं। उदाहरण के लिए आप यह लिख सकते है कि किसी फिल्म में कितने और कौन से गीत हैं। मगर यह लिखना कि कौन से गीत अच्छे हैं और कौन से गीत बेसुरे, व्यक्तिगत विचार है, इसे न लिखें। हो सकता है कि जो गीत आपको अच्छे न लगें किसी के प्रिय गीतों में हों। उसी तरह किसी व्यक्तित्व के लेख में आप यह लिख सकते है कि उनके योगदान क्या हैं, मगर उन योगदानो पे अपनी राय देने से बचें।

मै किसी लेख को उसके स्रोत्र की कड़ी के साथ कैसे जोड़ सकता हूँ?

विकिपीडिया के लेखो को आप इण्टरनेट के विश्वस्त स्रोतों की कड़ियों से आसानी से जोड़ सकते हैं और ऎसा करना मानक भी है। उदाहरण के लिए आप फ्लोयड-लैनडिस-टॉक्ट्ट लेख देखें। इस लेख मे बीबीसी की कडी स्रोत के रूप मे दी गई है। ऎसा स्वाचलित रूप से करने के लिए आप <ref> और <cite news> के विशेष टैग का इस्तेमाल कर सकते है। आपको लेख मे जहाँ यह स्रोत्र की कडी दिखानी है वहाँ निम्न पंक्तियाँ लिख दें- ==सन्दर्भ== <div class="references-small"> <references/> </div> आम तौर पर यह सन्दर्भ कड़ियाँ मुख्य लेख के बाद तथा इन्हें भी देखें नामक अनुभाग से पहले दी जाती हैं।

<cite news>साँचे के प्रयोग की विधि यहाँ है। इसके सम्पूर्ण उदाहरण के लिए आप फ्लोयड-लैनडिस-टॉक्ट्ट लेख के सम्पादन योग्य सूत्र को यहाँ देखे।

मै लेख पर चित्रों को कैसे लगा सकता हूँ?

हिन्दी मे जानकारी उपलब्ध हो तब तक आप देखे - en:Wikipedia:Picture tutorial और en:Help:Contents/Images and media

मैं समान विषय के लेखों को आपस में कैसे जोड़ सकता हूँ?

समान विषय के लेखों को आपस मे जोड़ने के कई तरीके हैं।

उप-शीर्षक यह भी देखें का प्रयोग

उप-शीर्षक ''यह भी देखें'' का प्रयोग करे। इस में आप अन्य लेखों की कड़ी दे सकते है। उदाहरण के लिए देखें: हिन्दी साहित्य

साँचों का प्रयोग

साँचे विशेष लेख होते है, यह विषय-वस्तु (content) को एक से अधिक लेखों पर दोहराने का सरल उपाय है। इसे उप-लेख भी माना जा सकता है। साँचों के नाम "Template:" से शुरू होते है (जैसे: साँचा:हिंदी साहित्यकार)। इस उप-लेख को लेख पर डालने के लिए उप-लेख का नाम कोष्ठक {{ के अन्दर लिखे। (जैसे: {{हिंदी साहित्यकार}})। साँचे के प्रयोग के उदाहरण के लिए देखें:आचार्य रामचंद्र शुक्ल लेख।

श्रेणी का प्रयोग

हर लेख को आप एक या एक से अधिक श्रेणी मे डाल सकते हैं। लेख को श्रेणी मे डालने के लिए विशेष कमाण्ड "[[श्रेणी: लेख की श्रेणी]]" का प्रयोग करें। जहाँ, लेख की श्रेणी उस श्रेणी का नाम है जिसमे लेख को डालना चाहते है। उदाहरण के लिए देखें: आचार्य रामचंद्र शुक्ल लेख, यह व्यक्तिगत जीवन और लेखक श्रेणी में शामिल है।

श्रेणी में लेख क्रमबद्ध होते है, और श्रेणी खुद भी किसी अन्य श्रेणी की उप-श्रेणी हो सकती है। उदाहरण के लिये श्रेणी:सॉफ्टवेयर नामक श्रेणी, श्रेणी:संगणक नामक श्रेणी की उपश्रेणी है।

मैं समान शीर्षक वाले लेख कैसे बना सकता हूँ?

जो शीर्षक अनेक अर्थ के लिए प्रयोग किए जा सकते है, उन्हे बहुविकल्पी शब्द कहा जाता हैं। उदाहरण के लिए देखें: सरस्वती, सरस्वती शीर्षक हिन्दू धर्म की प्रमुख देवी, एक नदी और एक पत्रिका को दर्शाता हैं। ऐसे शीर्षको को अलग करने के लिए सभी लेखों के शीर्षकों को विस्तार से बताना होता है, जैसे: सरस्वती देवी, सरस्वती नदी और सरस्वती पत्रिका। बहुविकल्पी शब्द के पन्ने पर साँचा:बहुविकल्पी शब्द का प्रयोग करें (जोड़ें: {{बहुविकल्पी शब्द}}) और सभी प्रासंगिक लेखो की सूची उस पन्ने पर दे दें।

नया पृष्ठ कैसे आरम्भ करें?

नया पन्ना आरम्भ करने के लिये जिस शीर्षक से आप लेख बनाना चाहते हैं, खोज बक्से में लिखकर खोजें। यदि उस शीर्षक से पहले लेख न होगा तो नया लेख बनाने का विकल्प आ जायेगा। जैसे की चित्रानुसार यदि आप भारत के ऊपर लेख खोजना चाहते है तो आप सर्च बाक्स में जैसे ही भारत लिखना शुरु करेंगे वैसे ही आपको इसके अक्षरों के अनुसार नीचे विकल्प दिखाई देंगे, जैसे आपने भ भरा तो भ से शुरु होने वाले लेख दिखाई देंगे, परन्तु सूची लम्बी होने पर आप इसे खोज कर भी ढुंड सकते है।

विकिपीडिया पर नया लेख बनाते समय पहले ये सुनिश्चित कर लें कि इस विषय पर वैकल्पिक नाम अथवा वर्तनी से पहले से लेख न हो। हिन्दी में वर्तनी की विविधता के कारण हो सकता है सामान्य खोज में आपके द्वारा सोचा गया नाम न आये, इसलिये अन्य वैकल्पिक वर्तनी के साथ खोज करें। उदाहरण के लिये यदि आप पंडित रविशंकर नाम से लेख बनाने जा रहे हैं तो पहले यह खोज लें कि पण्डित रविशंकर नाम से लेख उपलब्ध तो नहीं है।

इसके अतिरिक्त गूगल द्वारा हिन्दी विकिपीडिया पर इस क्वैरी "site:hi.wikipedia.org Name" द्वारा खोज करके भी आप सुनिश्चित कर सकते हैं कि इस विषय पर पहले मिलते-जुलते नाम से कोई लेख न हो।

 

'लॉग इन' कैसे करें?

आप विकिपीडिया पर लॉग-इन बहुत ही आसानी से कर सकते हैं। अगर आप अंग्रेज़ी विकिपीडिया पर हैं, तो

  • 1. अपने वेब पेज ब्राऊसर के एड्रेस बार पर 'hi.wikipedia.org' लिखें।
  • 2. फिर वेब पेज के उत्तर-पूर्व की दिशा पर बने हुए टैब-बार पर 'Log In' (या लॉग इन) पर क्लिक करें।
  • 3. अपना यूज़र-नेम एवं पास-वर्ड टाइप करें।
  • 4. लॉग इन पर क्लिक करें।

अगर आप पहले से ही हिन्दी विकिपीडिया पर है तो पहले स्टेप को स्किप करें।

किसी दूसरी वैबसाइट से लेख कॉपी करने पर मुझे कचरा अक्षर दिखायी देते हैं। इसका क्या कारण है और मैं क्या करूँ ?

हिन्दी की ज़्यादातर वैबसाइटों पर ऐसे फॉंन्टों का प्रयोग किया है जो कि कंप्यूटर के अंतर-राष्ट्रीय मनकों के अनुसार नही बनाये गये हैं। इसकी वजह से हर फॉन्ट में एक ही अक्षर के लिये अलग अलग कोड का प्रयोग किया गया है। इसकी वजह से एक जगह से दूसरी जगह अक्षरों को कॉपी-पेस्ट करने पर कचरा अक्षर दिखायी देते हैं। पिछले कुछ सालों में दुनिया के अग्रणी कंप्यूटर वैज्ञानिकों ने और बड़ी कंप्यूटर कंपनियों ने एक अंतर-राष्ट्रीय मानक तय किया है जिसे यूनिकोड कहते है । भविष्य में हिन्दी में सभी काम यूनिकोड में ही होगा। नॉन-यूनिकोड फॉंन्ट के लेखों को यूनिकोड मे बदलने के लिये कई मुफ्त टूल्स उपलब्ध हैं। जैसे माइक्रोसॉफ्ट का इंडिक फॉंट ट्रांस्लिटरेशन (लिप्यंतरण) टूल - टिबिल। ज़्यादा जानकारी के लिये देखें - टिबिल। इसके अतिरिक्त दो अन्य टूल परिवर्तन तथा रुपांतर भी इस कार्य हेतु प्रयुक्त किए जाते हैं।