हिन्दी विकिपीडिया हिन्दी भाषा और ज्ञान को प्रसारित करने में योगदान देने के लिये आपका अभिनन्दन करता है। विकिपी़डिया पर लेख लिखते समय विकिपीडिया की लेखन शैली का अनुसरण करें।

  • कोई उद्धरण देने के अतिरिक्त कहीं भी आत्मकथात्मक शैली में न लिखें। हमेशा प्रथम पुरुष (third person) शैली में ही लिखा जाना चाहिये।
  • लेखन में अशुद्धियाँ टालने का प्रयत्न करें। हिन्दी में वर्तनी की विविधता, गलत वर्तनियों का प्रिण्ट मीडिया में पाया जाना तथा टाइपिंग टूल के कारण होने वाली गलतियाँ (टाइपो) अक्सर देखी जाती हैं। कुछ सर्वाधिक प्रचलित गलतियों के बारे में जानने हेतु यह लेख देखें - विकिपीडिया:हिन्दी में सामान्य गलतियाँ
  • सामान्य हिन्दी - शुद्ध हिन्दी: हिन्दी विकिपीडिया पर लेख रोजमर्रा की सामान्य हिन्दी अर्थात खड़ीबोली (हिन्दुस्तानी अथवा हिन्दी-उर्दू) में लिखे जाने चाहिये। हालाँकि तकनीकी तथा विशेष शब्दावली हेतु शुद्ध संस्कृतिनष्ठ हिन्दी के ही प्रयोग की संस्तुति की जाती है। हालाँकि बहुत जटिल उर्दू-फारसी शब्दों से परहेज किया जाना चाहिये जैसे Upper House of Parliament को संसद का उच्च सदन लिखा जाय न कि उर्दू का मिजिलस का ऐवान-ए-बाला, Foreign Minister को विदेशमन्त्री न कि उर्दू वज़ीर-ए-ख़ारिजा; knowledge/science को ज्ञान/विज्ञान, न कि इल्म। नामों के पश्चात आदरसूचक जी न लगायें यह अविश्वकोषिक है अर्थात कृष्ण/श्री कृष्ण परन्तु कृष्ण जी नहीं। आदरणीय व्यक्तियों के बारे में लिखते समय आप तथा इसके समकक्ष प्रथम पुरुष शब्द-संयोजन का प्रयोग करें जैसे श्री वाजपेयी मध्य प्रदेश में जन्मे थे न कि वाजपेयी मध्य प्रदेश में जन्मा था परन्तु "आप" सर्वनाम का प्रयोग आत्मकथा के अंशों में न करें।
  • अंग्रेजी का उपयोग आवश्यक होने पर ही करना चाहिये यदि उसके समकक्ष शुद्ध हिन्दी शब्द उपलब्ध न हो अथवा बहुत कठिन एवं सामान्यतया प्रयोग में न आने वाला हो या अंग्रेजी शब्द किसी अभारतीय व्यक्ति/स्थान/शब्दावली/शीर्षक का समुचित नाम हो या यदि प्रयोक्ता को समुचित अनुवाद बारे उच्च आशंका हो। लिप्यन्तरण हेतु ब्रिटिश अंग्रेजी तथा इसके मूल उच्चारण का उपयोग करें। आप लेख लिखने के दौरान अंग्रेजी से हिन्दी अनुवाद हेतु शब्दकोश.कॉम, गूगल शब्दकोश एवं गूगल अनुवाद की सहायता ले सकते हैं। हर अंग्रेजी शब्द हेतु उस विकल्प का प्रयोग करें जो कि रोजमर्रा की बोलचाल वाली में प्रयुक्त होता हो तथा प्रसंग के अनुसार हो। नये पाला पड़े शब्दों के लिये बुद्धिमतापूर्ण अनुमानित शब्दों का प्रयोग भी किया जा सकता है जैसे कि हिन्दी में डब की गयी टीवी डॉक्यूमेण्ट्रीज, हॉलीवुड फिल्मों आदि के अनुवाद में देखा जाता है। जैसे en:Dementor (डब की गयी हैरी पॉटर फिल्मों में प्रयुक्त) के लिये दमपिशाच आदि।