हमराज़ (2002 फ़िल्म)

2002 की अब्बास-मस्तान की फ़िल्म

हमराज़ 2002 की एक भारतीय हिंदी रोमांटिक थ्रिलर फिल्म है। अब्बास-मस्तान द्वारा निर्देशित इस फिल्म का निर्माण वीनस मूवीज़ के बैनर तले हुआ है। बॉबी देओल, अक्षय खन्ना और अमीषा पटेल ने इस फिल्म में प्रमुख भूमिकाऐं निभाई हैं। इसकी कहानी 1998 की फिल्म ए परफेक्ट मर्डर पर आधारित है।

हमराज़

फिल्म का पोस्टर
निर्देशक अब्बास-मस्तान
लेखक
  • शिराज़ अहमद
  • श्याम गोयल
निर्माता
  • गणेश जैन
  • रतन जैन
अभिनेता
छायाकार रवि यादव
संपादक हुसैन ए० बर्मावाला
संगीतकार हिमेश रेशमिया
वितरक वीनस मूवीज़
प्रदर्शन तिथि
5 जुलाई 2002
लम्बाई
174 मिनट
देश भारत
भाषा हिन्दी
लागत 1.5 करोड़ रुपये[1]
कुल कारोबार 2.97 करोड़ रुपये[1]

हमराज़ को 5 जुलाई 2002 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया गया था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया और इसे एवरेज घोषित किया गया था। कहो ना प्यार है और ग़दर: एक प्रेम कथा के बाद यह अमीषा पटेल की लगातार तीसरी हिट फिल्म थी। हिमेश रेशमिया द्वारा रचित फिल्म का संगीत भी ख़ासा लोकप्रिय रहा।

संक्षेप संपादित करें

करण (अक्षय खन्ना) और प्रिया (अमीषा पटेल) एक नृत्य मंडली की मुख्य जोड़ी हैं, और एक दूसरे से प्यार करते हैं। एक बार वे राज (बॉबी देओल) नामक एक समृद्ध व्यवसायी के क्रूज जहाज पर प्रदर्शन करते हैं। राज, जिसे नहीं पता कि प्रिया और करण प्यार में हैं, प्रिया को पहली बार देखते ही उसकी ओर आकर्षित होता है। कुछ दिनों बाद वह प्रिया के सामने विवाह का प्रस्ताव रखता है, जिसे वह स्वीकार कर लेती है। जब यह बात करण को पता चलती है, तो वह प्रिया की सहायता से राज को धोखा देकर उसका सारा पैसा हड़पने की योजना बनता है। योजनानुसार विवाह के कुछ वर्ष बाद प्रिया राज को तलाक दे देगी, और इससे मिली निर्वाह निधि से करण और प्रिया सुखपूर्वक एक साथ शेष जीवन व्यतीत करेंगे।

राज प्रिया को अपने परिवार वालों से मिलवाता है, जिसके बाद दोनों की शादी हो जाती है। कुछ दिनों बाद प्रिया एक दुर्घटना में घायल हो जाती है, और राज उसकी दिन-रात देखभाल करता है। इस घटना से प्रिया का हृदय परिवर्तन हो जाता है, और वह राज को धोखा देने में करण की सहायता करने से मना कर देती है। करण तुरंत योजना बदलता है, और राज को एक अनाम फ़ोन कर उसके और प्रिया के संबंधों के बारे में बता देता है। राज यह सुनकर चकित रह जाता है, और आवेश में आकर करण से मिलता है, और उसे प्रिया को मारने की सुपारी देता है। दूसरी तरफ, प्रिया राज को सारी सच्चाई बताने का निश्चय करती है, और एक कैसेट में सब रिकॉर्ड कर उसे राज की गाड़ी में रख देती है। उसी दिन योजनानुसार करण राज के घर में घुसता है, और प्रिया पर हमला कर देता है।

प्रिया की रिकॉर्डिंग सुनकर राज को अपनी भूल का एहसास होता है, और वह प्रिया को बचाने के लिए भागकर अपने घर पहुँचता है, जहाँ उसे पता चलता है कि प्रिया सुरक्षित है, और उसे बचाने वाला और कोई नहीं बल्कि करण ही है। करण ने राज की सारी बातें रिकॉर्ड कर ली थी, जिनके आधार पर वह उसे ब्लैकमेल करने लगता है, और राज का पीछा छोड़ने के बदले मांग करता है कि वह प्रिया को तलाक दे दे। करण राज के पैतृक आवास तक भी पहुंच जाता है, और राज के परिवार वालों को सब बता देने की धमकी देता है। अंत में, राज एक निश्चित स्थान पर करण से मिलने जाता है, जहां उन दोनों में हाथापाई हो जाती है, और कुछ देर में प्रिया भी वहां पहुँच जाती है, जो करण की हत्या कर देती है। प्रिया और राज वापस एक साथ मिल जाते हैं।

मुख्य कलाकार संपादित करें

संगीत संपादित करें

हमराज़
चित्र:Humraaz albumcover.jpg
एल्बम हिमेश रेशमिया द्वारा
जारी 15 मई 2002 (भारत)
संगीत शैली फिल्म साउंडट्रैक
लंबाई 48:53
लेबल वीनस
निर्माता Reviews =
हिमेश रेशमिया कालक्रम

क्या दिल ने कहा
(2002)
हमराज़
(2002)
ये है जलवा
(2002)

सुधाकर शर्मा द्वारा प्रदान किए गए गीतों के साथ फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया द्वारा रचित है। कुल 22,00,000 प्रतियों की बिक्री के साथ, यह उस वर्ष की सर्वाधिक बिकने वाली संगीत एल्बम थी।[2]

क्र॰शीर्षकगायकअवधि
1."दिल ने कर लिया"उदित नारायण, अलका याज्ञनिक5:19
2."तूने जिंदगी में"उदित नारायण5:11
3."प्यार कर"उदित नारायण, शान, कविता कृष्णमूर्ति6:40
4."बरदाश्त"केके, सुनिधी चौहान5:36
5."सनम मेरे हमराज़"कुमार सानु, अलका याज्ञनिक5:30
6."लाइफ बन जाएगी"सोनू निगम, जसपिंदर नरुला5:57
7."तूने जिंदगी में"अलका याज्ञनिक5:12
8."बरदाश्त – रीमिक्स"सोनू निगम, सुनिधी चौहान4:53
9."तूने जिंदगी में – उदासीन"अलका याज्ञनिक1:48
10."थीम म्यूजिक"वाद्य संगीत2:33

परिणाम संपादित करें

बॉक्स ऑफिस संपादित करें

हमराज़ ने भारत में कुल 27.2 करोड़ रुपये, तथा विदेशों में 5.15 लाख अमेरिकी डॉलर (2,51,06,250 रुपये) की कमाई की, जिससे इसकी कुल कमाई 29.7106250 करोड़ रुपये रही।[1] अपनी कुल वैश्विक कमाई के आधार पर यह 2002 की 7वीं सर्वाधिक कमाई करने वाली फिल्म थी।[3] फ़िल्म की सकल आय 16.59 करोड़ रुपये रही, जिसके आधार पर यह 2002 की पांचवीं सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली फिल्म रही।[4][5] 15 करोड़ के बजट पर बनी इस फ़िल्म को बॉक्स ऑफिस इंडिया द्वारा एवरेज घोषित किया गया।[1]

कुल 325 पर्दों पर रिलीज़ हुई हमराज़ ने अपने प्रदर्शन के प्रथम दिन कुल 1.55 करोड़ रुपये का व्यापार किया। अगले 2 दिनों में 2.93 करोड़ की अतिरिक्त कमाई के साथ, प्रथम सप्ताहांत में फ़िल्म का कुल संग्रह 4.48 करोड़ रुपये रहा। प्रथम दिन तथा प्रथम सप्ताहांत, दोनों की ही कमाई के आधार पर यह 2002 की पांचवीं सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली फिल्म थी।[6][7] अगले 4 दिनों में फिल्म ने फिर 3.32 करोड़ रुपये कमाए, जिससे प्रथम सप्ताह पूर्ण होने पर भारत में इसकी कमाई 7.70 करोड़ रुपये रही। फिल्म भारत में कुल 11 सप्ताहों तक प्रदर्शित हुई, और इसने अपने दूसरे सप्ताह में 3.20 करोड़ की, तीसरे में 2.12 करोड़ की, चौथे में 1.25 करोड़ की, पांचवें में 91 लाख की, छठे में 45.5 लाख की, सातवें में 33.5 लाख की, आठवें में 23.5 लाख की, नवें में 17.5 लाख की, दसवें में 12 लाख की और ग्यारहवें सप्ताह में 9 लाख की कमाई की।[8]

समीक्षा संपादित करें

हमराज़ को समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुई। रीडिफ़.कॉम की ओर से समीक्षक विवेक फर्नांडेस ने जहाँ इसे "पिछले कुछ महीनों में फिल्म उद्योग में देखी गयी सबसे दिलचस्प फिल्मों में से एक" कहा,[9] तो वहीं सिफ़ी.कॉम के समीक्षकों ने इसे उस समय की "फीकी फिल्मों का एक अच्छा तोड़" करार दिया।[10] प्लेनेट बॉलीवुड के लिए लिखते हुए राकेश बुद्धू ने इसे 10 में से 8 स्टार देते हुए इसके संगीत, कहानी, और कलाकारों के अभिनय की प्रशंशा की। बॉलीवुड हंगामा की अपनी समीक्षा में तरण आदर्श ने इसे 3 स्टार देते हुए इसके "ताजा कलाकारों, एक दिलचस्प पटकथा, और कई भव्य तथा रोमांचकारी दृश्यों" की प्रशंशा की।

नामांकन और पुरस्कार संपादित करें

हमराज़ ने वर्ष 2003 में आयोजित विभिन्न पुरस्कार समारोहों में कई नामांकन अर्जित किये, जिनमें से कुछ निम्न हैं:[11]

वर्ष पुरस्कार श्रेणी नामांकित परिणाम
2003 आइफा सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री अमीषा पटेल नामित
सर्वश्रेष्ठ खलनायक अक्षय खन्ना जीत
फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म नामित
सर्वश्रेष्ठ निर्देशक अब्बास-मस्तान नामित
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता बॉबी देओल नामित
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री अमीषा पटेल नामित
सर्वश्रेष्ठ खलनायक अक्षय खन्ना नामित
सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता जॉनी लीवर नामित
सर्वश्रेष्ठ संगीतकार हिमेश रेशमिया नामित
सर्वश्रेष्ठ गीतकार सुधाकर शर्मा नामित
सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायक केके
("बर्दाश्त" गीत के लिए)
नामित
कुमार सानु
("सनम मेरे हमराज़" गीत के लिए)
नामित
सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायिका अलका याज्ञनिक
("सनम मेरे हमराज़" गीत के लिए)
नामित
स्टार स्क्रीन पुरस्कार सर्वश्रेष्ठ निर्देशक अब्बास-मस्तान नामित
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री अमीषा पटेल नामित
सर्वश्रेष्ठ खलनायक अक्षय खन्ना नामित
ज़ी सिने पुरस्कार सर्वश्रेष्ठ खलनायक अक्षय खन्ना नामित

सीक्वल संपादित करें

फ़िल्म का एक सीक्वल निर्माणाधीन है।[12][13] अगस्त 2015 में निर्माता रतन जैन ने फिल्म का सीक्वल बनाने की इच्छा जताई थी।[14][15] इसके बाद उसी वर्ष सितंबर में अब्बास-मस्तान ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा था कि वे एक कहानी पर काम कर रहे हैं, जिसे हमराज़ के सीक्वल के तौर पर बनाया जा सकता है।[16] फिल्म में बॉबी देओल, अक्षय खन्ना और अमीषा पटेल नहीं होंगे, उनकी भूमिकाएं अन्य कलाकार निभाएंगे।

सन्दर्भ संपादित करें

  1. "Humraaz - Movie - Box Office India". www.boxofficeindia.com. मूल से 12 जून 2018 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 11 जून 2018.
  2. "Music Hits 2000–2009 (Figures in Units)". Box Office India. मूल से 15 February 2008 को पुरालेखित.
  3. "Top Worldwide Grossers 2002". boxofficeindia.com. मूल से 12 जून 2018 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 11 जून 2018.
  4. "Box Office By Year (2002)". muvyz.com. मूल से 12 जून 2018 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 11 जून 2018.
  5. "Top India Total Nett Gross 2002 - - Box Office India". boxofficeindia.com. मूल से 12 जून 2018 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 11 जून 2018.
  6. "Top India First Day (2002)". boxofficeindia.com. मूल से 12 जून 2018 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 11 जून 2018.
  7. "Top India First Weekend (2002)". boxofficeindia.com. मूल से 12 जून 2018 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 11 जून 2018.
  8. "Humraaz - Movie - - Box Office India". www.boxofficeindia.com. मूल से 12 जून 2018 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 11 जून 2018.
  9. "The Rediff review: Humraaz". www.rediff.com. मूल से 9 अक्तूबर 2017 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 9 जून 2018.
  10. "Humraaz Review :". www.sify.com (अंग्रेज़ी में). मूल से 12 जून 2018 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 9 जून 2018.
  11. "Humraaz : Awards and Nominations". Bollywood Hungama. मूल से 29 मार्च 2010 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 17 September 2011.
  12. "अब अक्षय, बॉबी स्टारर 'हमराज' का सीक्वल!". dainikbhaskar. 11 अगस्त 2015. मूल से 12 जून 2018 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 9 जून 2018.
  13. "Humraaz sequel on cards". mid-day. 11 अगस्त 2015. मूल से 12 जून 2018 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 9 जून 2018.
  14. "Ratan Jain to make a sequel to 2002 film 'Humraaz'". The Indian Express. 11 अगस्त 2015. मूल से 12 जून 2018 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 9 जून 2018.
  15. "सस्‍पेंस-थ्रिलर फिल्‍म 'हमराज' का भी बन सकता है सीक्‍वल". Dainik Jagran. मूल से 12 जून 2018 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 9 जून 2018.
  16. "Sequel to 'Humraaz' possible: Abbas-Mustan". The Indian Express. 15 सितम्बर 2015. मूल से 12 जून 2018 को पुरालेखित. अभिगमन तिथि 9 जून 2018.

बाहरी कड़ियाँ संपादित करें