विकिपीडिया:विकिपीडिया क्या नहीं है

(विकिपीडिया:जोड़नहीं से अनुप्रेषित)

विकिपीडिया एक ऑनलाइन ज्ञानकोश है, और उसे बनाने के लिए जुटे हुए ऐसे लोगों का एक समाज भी है जो एक-दूसरे से आदरपूर्वक व्यवहार करते हुए इस ज्ञानकोश को बढ़ाते हैं। इसलिए, कुछ ऐसी भी चीजें हैं जो विकिपीडिया नहीं है

रूप और शैली संपादित करें

विकिपीडिया काग़ज़ पर छपा ज्ञानकोश नहीं है संपादित करें

नीति शॉर्टकट:
वि:काग़ज़नहीं
वि:छपानहीं
वि:छपा

विकिपीडिया काग़ज़ पर छपा ज्ञानकोश नहीं बल्कि एक डिजिटल ज्ञानकोश परियोजना है। प्रमाणिकता और इस लेख में कुछ गिनती के नियमों को छोड़कर, विकिपीडिया पर विषयों और लिखाई पर कोई पाबंदी नहीं। लेकिन क्या किया 'जा सकता है' और क्या 'किया जाना चाहिए' में फ़र्क है, जिसपर नीचे सामग्री के विभाग में और बताया गया है। इसलिए, यह नीति यह हरगिज़ नहीं कहती कि विकिपीडिया पर मनमानी चीज़ डाली जा सकती है: लेखों को सामग्री नीतियों का पालन करना होगा, विशेषकर वह नीतियाँ जिनका उल्लेख पंचशील में है।

बहुत से पाठक विकिपीडिया पर अपने मोबाइल फ़ोनों और धीमे इन्टरनेट साधनों के ज़रिये पहुँचते हैं। आवश्यकता से अधिक लम्बे लेखों को ब्राउज़रों में लाने में बहुत समय लगता है इसलिए लेखों की लम्बाई सीमाओं के अन्दर रखनी ज़रूरी है। लम्बे लेखों को दो या उस से अधिक लेखों में बांट दीजिये और लेख के ऊपर के सारों को छोटा और अर्थ से भरपूर रखिये। कुछ लेख छोटे होंगे, लेकिन उनमें बाहरी कड़ियाँ डाली जा सकती हैं और उन्हें ज़रूरत के अनुसार जल्दी-जल्दी बदला जा सकता है। विकिपीडिया किसी छपे ज्ञानकोश से और क्या अंतर रखता है, इसके लिए विकिपीडिया:शैली मार्गदर्शक देखिये।

किसी भी ज्ञानकोश में जानकारी सिर्फ़ इसलिए नहीं डाली जा सकती क्योंकि वह सच है या लाभदायक है। हालांकि तरह-तरह की श्रेणियों के लेखों को विकिपीडिया में होना चाहिए कि नहीं इसे लेकर विवाद होते रहते हैं, फिर भी बहुत तजुरबे से बनी आम सहमती है कि नीचे लिखे उदाहरण यह दिखने के लिए अच्छे हैं कि विकिपीडिया क्या नहीं है। इन विभागों में उदाहरण दिए गए हैं, और इनके अलावा भी ऐसी चीज़ें हैं जो विकिपीडिया पर नहीं होनी चाहिए।

विकिपीडिया शब्दकोश नहीं है संपादित करें

नीति शॉर्टकट:
वि:नहीं#शब्दकोश
वि:नहीं#शब्द
वि:नहीं#परिभाषा

विकिपीडिया एक शब्दकोश या किसी शब्द या वाक्य की परिभाषा समझाने वाला कोष नहीं है। विकिपीडिया के लेख निम्नलिखित चीज़ों पर केन्द्रित नहीं होते:

  1. परिभाषा: हर लेख को एक अच्छी परिभाषा या व्याख्यान के साथ शुरू होना चाहिए लेकिन अगर किसी लेख में केवल किसी शब्द की परिभाषा ही है तो उसे उस विषय के बारे अन्य ज्ञान के साथ बढ़ाने की ज़रुरत है। अगर ऐसा नहीं किया जा सकता, तो विकिपीडिया पर वह लेख नहीं होना चाहिए। अगर चाहें तो उसे विक्शनरी पर डालिए।
  2. शब्दकोश: ज्ञानकोश के लेख किसी व्यक्ति, समूह, अवधारणा, जगह, चीज़, घटना, वग़ैराह के बारे में होते हैं। कभी-कभार कोई शब्द या वाक्य ही किसी लेख का विषय होता है, जैसे कि क्लीशे, पति या मधु (शब्द)। लेकिन लेखों में कभी भी किसी शब्द या वाक्य का एक से अधिक तात्पर्य नहीं मिलता क्योंकि जहाँ शब्दकोशों में किसी शब्द के सभी मतलब समझाए जाते हैं वहाँ विकिपीडिया के लेख एक ही चीज़ के बारे में ज्ञान देते हैं। फिर भी ध्यान दें कि संख्याओं और अंकों के सांस्कृतिक महत्व के बारे में लिखे लेख स्वीकार्य हैं। अगर आप शब्दकोश की तलाश में हैं तो हमारी साथी परियोजना विक्शनरी देखिये। अगर विकिपीडिया पर जोड़ के ज़रिये आप किसी शब्द का शब्दकोशीय अर्थ समझाना चाहें तो पारविकी तरीक़े का प्रयोग करें।
  3. शब्द-प्रयोग, कठबोली (स्लैंग) और मुहावरे: भाषाओँ, उपभाषाओं और कठबोलियों पर लेख ज़रूर बनाएँ, जैसे कि पश्तो, खड़ीबोली और गिइज़ भाषा के लेख हैं। लेकिन यह लेख इन भाषाओँ को सीखने वालों के लिए कुंजिओं या पाठों के रूप में नहीं होने चाहिए। विकिपीडिया पाठ, नियमपुस्तिका, वैज्ञानिक लेख या पत्रिका नहीं है। अगर आप ऐसी विकी चाहते हैं जिसमें किताबें और पाठ हों तो हमारी साथी परियोजना विकिबुक्स पर जाइए।

विकिपीडिया मूल विचार और नया शोध प्रकाशित करने की जगह नहीं है संपादित करें

नीति शॉर्टकट:
वि:सभा
वि:सभानहीं
वि:नहीं#बातचीत
वि:नहीं#चर्चा
वि:निबंधनहीं
वि:नहीं#निबंध
वि:नहीं#सभा
वि:नहीं#मूलशोध
वि:नहीं#मूशो

विकिपीडिया आपके ताज़ा विचारों, टिप्पणियों और शोधों या नई जानकारी को प्रकाशित करने की जगह नहीं है। हमारी मूल शोध वर्जित नीति के तहत कृपया विकिपीडिया का किसी भी नीचे लिखी चीज़ के लिए इस्तेमाल न करें:

  1. मूल (नई) खोज या शोध, जैसे कि नए विचार और मसलों के हल बताना, नई विचारधाराएँ बयान करना, नए शब्द गढ़ना, इत्यादि। अगर आपने किसी विषय पर नयी जानकारी बनाई है तो उसे किसी और जगह छपवाइए, जैसे कि पत्रिकाएँ, अख़बार, पुस्तकें, भरोसेमंद और प्रमाणित वेबसाइटें और अन्य मान्य प्रकाशन। अगर आपकी शोध किसी मान्य जगह छपती है तो, हाँ, उसका प्रयोग विकिपीडिया में हो सकता है। लेकिन ध्यान रहे कि महज़ छप जाने से कोई सामग्री विकिपीडिया पर स्वीकृत नहीं होती - वह किसी भरोसेमंद और प्रमाणित स्रोत में छपी होनी चाहिए जो उल्लेखनीय भी हो और केवल लेखक की व्यक्तिगत राय न दर्शाए।
  2. व्यक्तिगत आविष्कार। फ़र्ज़ कीजिये कि आपने या आपके किसी मित्र ने एक नया शब्द 'फ़्रिन्डल​' गढ़ दिया, या एक नया नाच बनाया, या फिर एक नया बच्चों का खेल ईजाद कर दिया। चाहे यह दुनिया में कितना ही लोकप्रिय क्यों न हो, इसे विकिपीडिया पर लेख के योग्य तब तक नहीं मना जाएगा जब तक कई, एक-दूसरे से स्वतन्त्र, भरोसेमंद और प्रमाणित स्रोत इसके बारे में जानकारी न लिखें। विकिपीडिया एक दिन में बनाई हुई जानकारी के लिए नहीं है
  3. व्यक्तिगत निबंध जो किसी विषय के बारे में विशेषज्ञों द्वारा दी गई जानकारी के बजाए आपकी भावनाएँ बताते हैं। विकिपीडिया मानवों द्वारा ज्ञात जानकारी को जमा करने का प्रयास ज़रूर है लेकन यह आपकी रायों को उस जमावड़े में सम्मिलित करने का औज़ार नहीं है। अगर ऐसी अनोखी परिस्थिति बन जाए कि एक व्यक्ति की राय के बारे में किसी विषय के सन्दर्भ में लिखना आवश्यक हो, जो उसकी लिखाई उस व्यक्ति के अतिरिक्त अन्य लोगों को करनी चाहिए। अगर आप किसी चीज़ पर अपनी टिप्पणी देना चाहते हैं तो अपने सदस्य पृष्ठ पर या फिर मेटा-विकी पर ज़रूर दें, लेकिन विकिपीडिया के लेखों में नहीं। एक विकीइन्फ़ो नामक अलग विकी परियोजना भी है जिसमें लेखों में व्यक्तिगत राय शामिल करने को बढ़ावा दिया जाता है। विकिपीडिया पर मेहनत लगाकर व्यक्तिगत निबंध न लिखें क्योंकि यह हटा दिए जाएँगे और आपका श्रम अकारण ही बेकार जाएगा।
  4. चर्चा सभा कृपया यहाँ ज्ञानकोश बनाने के लक्ष्य पर नज़र रखिये। विकिपीडिया-सम्बंधित विषयों पर आप अन्य सदस्यों से उनके संवाद पृष्ठों पर और लेखों के मसलों के बारे में लेखों के संवाद पृष्ठों पर बातचीत कर सकते हैं, लेकिन यह बातचीत लेखों में कभी सम्मिलित नहीं होनी चाहिए। संवाद पृष्ठ भी केवल लेखों को सुधारने के लिए बने हैं और इनपर लेखों के विषयों पर आम बातचीत या राय-प्रस्तुति नहीं करनी चाहिए। उदाहरण के लिए भारत में साक्षरता के संवाद पृष्ठ पर भारतीय साक्षरता को बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श करना वर्जित है। संवाद पृष्ठों पर विकिपीडिया पर काम करने के निर्देश माँगना भी ग़लत है। अगर आप सहायता चाहते हैं या किसी विशेष मौज़ू पर आपको कोई प्रशन पूछना है तो चौपाल पर आईये - वहाँ सदस्य समाज आपके प्रश्नों का जवाब ज़रूर देगा। अगर आप दूसरे मित्र-सदस्यों के साथ सीधा खुल-डुल कर बात करना चाहें तो #wikipedia जैसी आई आर सी चैनलों का इस्तेमाल करें। ध्यान रखें कि संवाद पृष्ठों पर डाली गई निति-विरुद्ध सामग्री हटा दी जाएगी।

विकिपीडिया भाषण देने या प्रचार करने का मंच नहीं है संपादित करें

नीति शॉर्टकट:
वि:विज्ञापननहीं
वि:उपदेशनहीं
वि:इश्तेहारनहीं
वि:दलीलनहीं
वि:अफ़वाहनहीं
वि:रायनहीं
वि:अफवाहनहीं
वि:मंचनहीं
वि:प्रचारनहीं
वि:प्रचार

विकिपीडिया भाषण और उपदेश देने का मंच नहीं है, जंग का मैदान नहीं है और प्रचार करने का माध्यम नहीं है। यह मनाही लेखों, श्रेणियों, सांचों और संवाद पृष्ठों पर सभी जगह लागू है। इसलिए विकिपीडिया पर डाली सामग्री में नीचे लिखी चीज़ें नहीं होनी चाहिए:

  1. दलीलें, प्रचार या भर्तीकरण: चाहे किसी भी तरह का हो, व्यवसायिक, व्यापारिक, राजनैतिक, खेल-कूद सम्बन्धी, धार्मिक, राष्ट्रीय, भाषा-सम्बन्धी, या कुछ भी। कोई लेख ऐसी गतिविधियों के बारे में निष्पक्ष रूप से बता सकता है लेकिन सारी जानकारी बिना कोई पक्ष लिए सम्मिलित होनी चाहिए। मसलन अंग्रेज़ी पर लेख हो सकता है लेकिन लेख स्वयं यह पक्ष नहीं ले सकता कि यह भाषा अच्छी है या बुरी, या किसी को उसे सीखना चाहिए या नहीं। अगर आप किसी विषय पर कोई दलील या तर्क देना चाहते हैं तो कृपया अनगिनत इन्टरनेट सभाओं में से किसी पर भी ज़रूर जाईये, लेकिन विकिपीडिया पर ऐसा करना वर्जित है।[1]
  2. मत-प्रस्तुति: बहुत से ऐसे विषय होते हैं, विशेषकर राजनीति, भाषा, देश और धर्म को लेकर, जिनपर लोग भावुक होकर राय प्रकट करने के लिए, उपदेश सुनाने के लिए, या भाषण देने के लिए तैयार हो जाते हैं। विकिपीडिया इनका माध्यम नहीं है। सभी लेखों में संतुलित दृष्टिकोण होना ज़रूरी है, विशेषकर ऐसे संवेदनशील विषयों के लेखों में। अगर किसी वर्तमान घटना या स्थिति पर लेख लिखा जा रहा है तो संपादकों को कोशिश करनी चाहिए कि लेख ऐसे लहजे में लिखा जाए जो जल्द ही पुराना न लगे। उदाहरण के लिए अगर आज की तिथि ११ दिसम्बर २०१२ है और २० नवम्बर २०१२ में एक रॉकेट छोड़ा गया था तो लेख में '२० नवम्बर २०१२ में रॉकेट छोड़ा गया' लिखें न कि 'पिछले महीने रॉकेट छोड़ा गया' (क्योंकि यह वाक्य चंद ही हफ़्तों में ग़लत हो जाएगा)।
  3. कीचड़ उछालना, अफ़वाहें फैलाना या गप्पे लगानाजीवित लोगों के बारे में जानकारी का स्तर विशेष रूप से ऊँचा होना चाहिए क्योंकि उनके बारे में अफ़वाहें फैलाना क़ानूनन जुर्म हो सकता है और उनके व्यक्तिगत गोपनीयता के अधिकार का उलंघन भी हो सकता है। कोई भी लेख किसी भी व्यक्ति के नाम या मान पर हमला करने के लिए नहीं लिखा जाना चाहिए।
  4. व्यक्तिगत प्रचार। अपने बारे में लेख बनाने को या अपनी व्यक्तिगत कृतियों या परियोजनाओं के बारे में लिखने के लिए आपका दिल ललचा सकता है। लेकिन याद रखें कि ज्ञानकोश के लेखों पर लागू होने वाले नियम ऐसे लेखों पर भी पूरी तरह लागू हैं। निष्पक्षता बनाए रखना अनिवार्य है, जो अपने बारे में लिखी बात पर रख पाना कठिन है। आपकी अपनी बनाई सामग्री के लिए जोड़ डालना या उसे स्रोत बनाना मना है। और जानकारी के लिए विकिपीडिया:जीवनी, विकिपीडिया:उल्लेखनीयता और विकिपीडिया:स्वार्थ टकराव देखिये।
  5. विज्ञापन। कम्पनियों और बीचे-ख़रीदे जाने वाले उत्पादनों के लिए सारी जानकारी पूर्णतः निष्पक्ष लहजे में प्रस्तुत की जानी चाहिए और केवल प्रमाणित, स्वतन्त्र और कम्पनी या उत्पादन से हर तरह असम्बंधित स्रोतों से ही ली जा सकती है। इसका अर्थ यह भी है कि छोटी या स्थानीय कम्पनियों पर लेख आम-तौर पर विकिपीडिया पर नहीं डाले जा सकते। किसी लेख में उस लेख से असंबंधित बड़ी कम्पनी के लिए बाहरी जोड़ डालना भी मना है लेकिन अगर वह कम्पनी विषय-अनुकूल है तो जोड़ डाला जा सकता है। विकिपीडिया किसी भी संगठन या कम्पनी को सहायता, सौजन्य या समर्थन नहीं देती, इसलिए लेखों में कम्पनियों या उत्पादनों की बढ़ाई या निंदा न करें। ऐसी संस्थानों का ज़िक्र भी तभी होना चाहिए जब यह कम्पनियों और संगठनों की उल्लेखनीयता की कसौटी पर खरा उतरे। किसी भी ध्येय, समारोह और जनहित घोषणा के प्रचार को, चाहे वह कितने ही भले कार्य के लिए क्यों न हो, विकिपीडिया पर न डालें। इसके लिए इन्टरनेट पर और बहुत सी जगहें हैं।

अंदरूनी विकिपीडिया नीतियों और नियमों पर सदस्य पृष्ठों पर राय ज़रूर डाली जा सकती है, बशर्ते उसका विकिपीडिया के कामकाज से सम्बन्ध हो और वह इस कार्य में अड़चने न डाले।

विकिपीडिया जोड़ों, चित्रों, फ़िल्मों, गानों या फ़ाइलों की सूची या ढेर नहीं है संपादित करें

नीति शॉर्टकट:
वि:जोड़ढेरी
वि:जोड़नहीं
वि:आईनानहीं
वि:ढेरीनहीं
वि:चित्रनहीं
वि:एल्बमनहीं

विकिपीडिया दूसरी वेबसाईटों की सामग्री को नक़ल करके डालने की जगह नहीं है। यह जोड़ों (लिंकों), छवियों और अन्य फ़ाइलों की सूचियाँ या ढेर बनाने की जगह भी नहीं है।[2] विकिपीडिया के लेख निम्नलिखित चीज़ों पर आधारित नहीं होते:

  1. मात्र बाहरी जोड़ों (लिंकों) के समूह या इन्टरनेट डाइरेक्ट्रियाँ। किसी लेख में एक या उससे अधिक सामग्री-प्रासंगिक जोड़ डालने में कोई हर्ज़ नहीं, लेकिन इतने जोड़ डालना कि लेख की सामग्री ही उस के आगे छोटी दिखने लगे उचित नहीं है। उदाहरण के लिए जिन विषयों पर बहुत सी वेबसाईटें बनी हुई हैं (जैसे कि अमिताभ बच्चन) उनमें किसी एक मुख्य और योग्य वेबसाईट का डालना तो ठीक है लेकिन उस से अधिक न डालें। इस विषय में और हिदायतों के लिए बाहरी जोड़ देखिये।
  2. मात्र अंदरूनी जोड़ों के समूह। किसी लेख को केवल बहुत से अन्य लेखों के जोड़ों की सूची या समूह के रूप में बनाना अनुचित है। हाँ, अगर किसी विषय के नाम के कई मतलब निकलते हैं तो उसके लिए एक बहुविकल्पी पृष्ठ बिलकुल बनाया जा सकता है, जैसा कि आनन्दपुर के लिए किया गया है। ऐसे भी लेख हैं जिनका बड़ा भाग उचित कारणों से सूची के रूप में होता है, जैसा कि तुर्कमेनिस्तान के प्रान्त में है। इनमें कृपया सूची सम्बंधित नीतियों का पालन करें।
  3. मात्र सार्वजनिक डोमेन या अन्य जगह मिलने वाली सामग्री के समूह। ऐसी पुस्तकें, कम्प्यूटर प्रोग्राम, ऐतिहासिक दस्तावेज़, पात्र, क़ानूनी धाराएँ, घोषणाएँ, और अन्य सामग्री जो केवल अपने पूर्ण रूप में ही प्रयोग करने योग्य हो विकिपीडिया पर नहीं डाली जानी चाहिए। बहुत सी कृतियों पर मुद्राधिकार (कॉपीराईट) लागू नहीं हैं या उनपर लगे मुद्रधिकारों की अवधि ख़त्म हो जाते से वे मुक्त रूप से मिलती हैं। अगर चाहें तो उन्हें विकिसोर्स पर ज़रूर डालें, लेकिन विकिपीडिया पर नहीं। मसलन रामचरितमानस मुद्रधिकारों से मुक्त है - इसपर लेख बनाना बिलकुल ठीक है लेकिन इस ग्रन्थ को विकिपीडिया पर नहीं डाला जा सकता। हाँ, विकिसोर्स पर रामचरितमानस पूरा-का-पूरा उचित रूप से उपलब्ध है। अगर ऐसी सामग्री के छोटे से कुछ अंश आप उचित सन्दर्भ में किसी लेख में प्रस्तुत करते हैं तो मूल स्रोत को श्रेय देकर 'साहित्यिक चोरी' की नीति का उल्लंघन करने से ज़रूर बचें - बिना श्रेय दिए किसी सामग्री के शब्दों को सीधा-सीधा चोरी करना विकिपीडिया पर सख़्त​ मना है और आपके क्षेत्र में क़ानूनन जुर्म भी हो सकता है। इसपर और जानकारी के लिए आप मूल स्रोतों का विस्तृत रूप न प्रयोग करने की नीति और सामग्री समावेशन नीति देख सकते हैं।
  4. बिना शब्दों के मात्र चित्रों, ध्वनि-फ़ाईलों और वीडियो-फ़ाईलों के समूह। अगर आप कोई चित्र पाठकों को प्रस्तुत करना चाहते हैं तो वह सही लेख में और सही सन्दर्भ प्रस्तुत होनी चाहिए। या फिर उसे विकिमेडिया कॉमन्स में डाल दें। कभी भी मुद्रधिकारों द्वारा सुरक्षित छवियाँ और अन्य फाईलें चोरी न करें क्योंकि यह एक क़ानूनी अपराध है।

विकिपीडिया ब्लॉग, वेबसाईट सेवा, स्मारक स्थल या सामाजिक नेटवर्क नहीं है संपादित करें

नीति शॉर्टकट:
वि:सामाजिकनेटवर्क
वि:वेबसाईटनहीं
वि:ब्लॉगनहीं
वि:विवाहसेवानहीं
वि:फ़ेसबुकनहीं
वि:ट्विटरनहीं
वि:स्मारकनहीं
वि:स्मारक
वि:बायोडेटानहीं

विकिपीडिया ट्विटर या फ़ेसबुक की तरह का सामाजिक नेटवर्क नहीं है। इसपर आप अपने निजी वेबसाईट, ब्लॉग, विकी, फ़ाइलसेवा या स्मारक के रूप में प्रयोग नहीं कर सकते। विकिपीडिया पृष्ठों को निम्नलिखित चीज़ों की तरह प्रयोग नहीं किया जा सकता:

  1. व्यक्तिगत वेब पृष्ठ। विकिसदस्यों के अपने सदस्य पन्ने होते हैं लेकिन उनका इस्तेमाल केवल विकिपीडिया के कार्य से सम्बंधित चीज़ों के लिए ही किया जाना चाहिए। इसमें कुछ हद तक आप अपने बारे में निजी जानकारी ज़रूर डाल सकते हैं लेकिन न तो इन्हें आप अपने व्यक्तिगत वेब पृष्ठों के रूप में प्रयोग कर सकते हैं और न ही इनपर बहुत-सी ऐसी सामग्री डाल सकते हैं जिसका विकिपीडिया के काम से कोई ताल्लोक नहीं। अगर आप अपना निजी वेब पन्ना बनाना चाहते हैं, ब्लॉग चलाना चाहते हैं या बायोडेटा डालना चाहते हैं तो इन्टरनेट पर विकिपीडिया से असम्बंधित बहुत-सी मुफ़्त सेवाएँ उपलब्ध हैं। उनका इस्तेमाल कीजिये। सदस्य पृष्ठों को सामाजिक नेटवर्क की तरह मित्रता करने के लिए, मित्रों से सम्पर्क बनाए रखने के लिए या मनोरंजन के लिए प्रयोग करना मना है। इनका इस्तेमाल आपसी तालमेल से विकिपीडिया के ज्ञानकोश को बढ़ाने के लिए ही करना चाहिए।
  2. फ़ाइलें रखने की जगह। विकिपीडिया पर उन्ही फ़ाइलों को लाईये जिनकी ज़रुरत लेखों में या परियोजना पृष्ठों में हो। बाक़ी सभी फ़ाइलों को हटा दिया जाएगा। अगर आपके पास ऐसी तस्वीरें या ध्वनि-फ़ाइलें हैं जो ज्ञान की दृष्टि से अहम हैं तो उन्हें विकिमेडिया कॉमन्स पर डाल दें जहाँ पर किसी भी भाषा के विकिपीडिया लेख उनका प्रयोग कर सकें। कभी-कभी कॉमन्स पर डाली गई अच्छी छवियों का इस्तेमाल दस से भी अधिक भाषाओँ के दर्ज़नों लेखों में होता है।
  3. विवाह सेवा या जीवनसाथी तलाशने की जगह। विकिपीडिया ऐसे रिश्ते बनाने की लिए उचित जगह नहीं है। आप अपने सदस्य पृष्ठ पर यह कह सकतें है कि आप स्त्री हैं या पुरुष, कौनसी भाषा बोलते हैं, कौनसे स्थान पर रहते हैं, इत्यादि। अगर विकिपीडिया के कार्य के दौरान अनायास ही किसी से मित्रता हो जाए जो रिश्ते में बदल जाए तो बात और है, लेकिन कोई भी सदस्य अपने पृष्ठ का प्रयोग स्पष्ट रूप से रिश्ते बनाने के लिए नहीं कर सकता।
  4. स्मारक। किसी व्यक्ति पर लेख बनाने से पहले यह आवश्यक है कि वह विकिपीडिया की उल्लेखनीयता की कसौटी पर पूरा उतरे। यह गुज़रे हुए दोस्तों, रिश्तेदारों, जान-पहचान वालों, या अन्य लोगों के लिए यादगार स्थापित करने का स्थान नहीं है। हाँ, दुर्भाग्यवश अगर किसी ऐसे विकिसदस्य का देहांत हो जाता है जिन्होंने विकिपीडिया पर अनेकों लेखों का योगदान दिया हो और जिनके सदस्य पन्ने या पन्नों पर अन्य विकिसाथी अपने वाक्य छोड़ना चाहें तो, उसकी मृत्यु की ख़बर की सच्चाई को परखने के बाद, ऐसा करने की अनुमति है।

अगर आप विकी तकनीकों का किसी ग़ैर-विकिपीडिया कार्य में प्रयोग करना चाहते हैं, मसलन अपने व्यापार में अन्य लोगों के तालमेल से एक नया विकी तैयार करना चाहते हैं, तो विकिपीडिया इस्तेमाल करने की बजाए बहुत-सी अन्य मुफ़्त या शुल्क-वालीं विकी सेवाओं में से एक का प्रयोग करें। स्क्रैचपैड विकि लैब्ज़​ भी एक विकी सेवा है जो निजी विकी चलाने की इजाज़त देती है। अंग्रेज़ी में लिखा अन्य सेवाओं पर लेख भी देख लीजिये।

यह बात फिर दोहराने योग्य है कि सामग्री पर लगी यह शर्तें और रोकटोक आपके अपने सदस्य और वार्ता पृष्ठों पर भी लागू है। वास्तव में आपके सदस्य और वार्ता पन्ने आपके अपने नहीं हैं बल्कि विकिपीडिया परियोजना का हिस्सा हैं और उसकी बढ़ौतरी के लिए ही प्रयोग करने चाहिए। अपने निजी लाभ या प्रचार के लिए इनका इस्तेमाल करना मना है। और जानकारी के लिए सदस्य पृष्ठ सहायता पर नज़र डाल लें।

विकिपीडिया निर्देशिका (डायरेक्ट्री) नहीं है संपादित करें

नीति शॉर्टकट:
वि:दामनहीं
वि:बिक्रीसूचीनहीं
वि:निर्देशिकानहीं
वि:डायरेक्ट्रीनहीं
वि:सबकुछनहीं
वि:सबकुछ
वि:हरचीज़नहीं

विकिपीडिया में बहुत सी सूचियाँ और निर्देशिकाएँ हैं जो विकिपीडिया के लेखों को संगठित और आयोजित करती हैं। इनसे लेख ढूँढने में, एक लेख से अन्य सम्बंधित लेखों तक जाने में और विकिपीडिया को बढ़ाने के कार्य में मदद मिलती है। लेकिन विकिपीडिया संसार की सभी चीज़ों की सूची, तालिका या निर्देशिका (डायरेक्ट्री) नहीं है। अगर विकिपीडिया से असम्बंधित चीज़ों के लिए आपको कोई स्थान चाहिए तो अंग्रेज़ी में लिखा अन्य सेवाओं का लेख देखिये। विकिपीडिया के लेख निम्नलिखित चीज़ों पर नहीं होते:

  1. किसी भी मनचाहे विषय के बारे में बनाई गई सूची या निर्देशिका, मसलन कथन (कोटेशन), मुहावरे और व्यक्ति। अगर आप कथनों (कोटेशनों) को कहीं डालना चाहते हैं तो हमारी साथी विकिकोट परियोजना में डालिए। हाँ, विकिपीडिया पर ऐसी मशहूर चीज़ों की सूचियाँ स्वीकार्य हैं जो उल्लेखनीयता की ज़रूरीयात पूरी करें और उन लेखों के लिए आवश्यक हों जिनमें वे डाली गई हैं। उदाहरण के लिए चीन के राजवंश में एक ऐसी सूची है जो उस लेख के लिए आवश्यक है।
  2. किसी भी (असली या काल्पनिक) व्यक्ति की जीवनी। केवल उन ही व्यक्तियों पर लेख बन सकते हैं जो किसी कारण से प्रसिद्द हों या फिर बदनाम हों। इस उल्लेखनीयता को इस बात से भी परखा जा सकता है कि उस व्यक्ति का अनेक स्वतन्त्र, विकिपीडिया से असम्बंधित, प्रमाणित और भरोसेमंद स्रोतों में उल्लेख हो। जो लोग इस कसौटी पर पूरे नहीं उतारते उनका ज़िक्र अन्य लेखों के अन्दर किया जा सकता है। उदाहरणतः सोलारिस (उपन्यास) के लेख के अन्दर 'क्रिस कॅल्विन' नामक पात्र का नाम आता है जो स्वयं इतना प्रसिद्ध नहीं है कि उसके अपने नाम का अलग लेख हो।
  3. दूरभाष निर्देशिका (टेलीफ़ोन डायरेक्ट्री)। फ़ोन नम्बर, पते, ईमेल पते, फ़ैक्स नम्बर इत्यादि के लिए ज्ञानकोश ठीक जगह नहीं है।
  4. व्यापारिक सूची या कार्यक्रम तालिका। विकिपीडिया पर किसी रेडियो या टीवी स्टेशन के कार्यक्रमों की सूची, किसी कम्पनी की हर दफ़तर-शाखा की जानकारी, या किसी संस्थान के हर सम्मलेन का ब्यौरा न डालें। अगर कोई कार्यक्रम उल्लेखनीयता के माप पर सही बैठे तो यह ज़रूर कहा जा सकता है कि वह '१९७५ से १९८६ तक दूरदर्शन पर शुक्रवार को ९ बजे प्रसारित हुआ करता था'। इसी तरह जिस कांग्रेस की बैठक में भारत छोड़ो आन्दोलन का ऐलान हुआ उसका ज़िक्र करना भी उचित माना जाएगा। ध्यान दें कि किसी लेख के वार्ता पृष्ठ का लेख-सुधार के लिए ही प्रयोग हो, न कि उस संसथान या कम्पनी का काम चलने के लिए जिसके बारे में वह लेख है।
  5. बिक्री सूचियाँ। किसी भी चीज़ का बिक्री-दाम तब तक किसी लेख में नहीं होना चाहिए जब तक कि उसकी लेख में ज़रुरत न हो और उसके लिए स्वतन्त्र, भरोसेमंद और प्रमाणित स्रोत न हो। अगर किसी वस्तु या सेवा को प्रदान करने वाली कम्पनी से मुक्त अख़बारों, पत्रिकाओं और पुस्तकों में किसी चीज़ के दाम पर ध्यान देकर टिप्पणी की जाती है (यानि सिर्फ़ हल्का-फुल्का ज़िक्र नहीं होता), तो वह एक संकेत है कि उस दाम की जानकारी ज्ञानकोश में डालने योग्य है। इस स्थिति में भी दाम डालने से पहले समझबूझ से काम लें क्योंकि दाम समय-समय पर बदलते रहते हैं। आज से पाँच या दस वर्षों बाद आपका लिखा पढ़ने वालों के लिए क्या यह जानकारी प्रासंगिक रहेगी? विकिपीडिया पर ख़रीदने वालों के लिए विभिन्न सेवाओं या उत्पादनों के दामों की तुलना न करें क्योंकि यह ज्ञानकोश का ध्येय नहीं है।
  6. उत्पादनों में हर छोटे बदलाव का ब्यौरा। अगर किसी उत्पादन पर लेख है तो उसके जीवनकाल में हुए महत्वपूर्ण विकासों और बदलावों की चर्चा करें लेकिन हर छोटे-मोटे परिवर्तन का नहीं। 'अमुक एयरलाइन्ज़ ने सितम्बर २०११ में अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शुरू कर दीं' शायद उल्लेखनीय हो और ज्ञानकोश में डाला जा सके, लेकिन 'अमुक एयरलाइन्ज़ ने अपनी दिल्ली से लन्दन की उड़ान पर दिसम्बर २०१० में एक की बजाय दो बार खाना परोसना शुरू कर दिया' हरगिज़ उल्लेखनीय नहीं है।
  7. ग़ैर-ज्ञानकोशीय तालिकाएँ, जैसी कि "कानपुर में बिरयानी बनाने वाले भोजनालय" या "माइक्रोसॉफ़्ट में काम करने वाले सिन्धी-भाषी लोग' चाहें इनमें आने वाले सभी भोजनालय और लोग उल्लेखनीय ही क्यों न हों और उनपर विकिपीडिया में लेख ही क्यों न बने हों। ऐसा इसलिए है क्योंकि यह तालिकाएँ ज्ञानकोशीय स्तर पर उल्लेखनीय जानकारी नहीं देतीं। इसी तरह 'बचपन में गुल्ली-डंडा खेलने वाले हिन्दी फ़िल्म अभिनेता' विकिपीडिया पर उचित तालिका नहीं है, भले ही 'गुल्ली डंडा' और इन सभी अभिनेताओं पर लेख हों। यही नीति श्रेणियों पर भी लागू है। श्रेणियों से उल्लेखनीय जानकारी मिलनी चाहिए इसलिए अत्याधिक श्रेणीकरण न करें।
  8. हर संभव तथ्य का पूर्ण विवरण। लेखों को अपने विषयों के बारे में प्रमाणित और भरोसेमंद जानकारी का सार होना चाहिए।[3] प्रमाणित तथ्यों पर लेखों में उतना ही भार डालिए जितना उचित है।

विकिपीडिया पाठ्यपुस्तक, वैज्ञानिक पत्रिका, कुंजी, संदर्शिका या पाठ नहीं है संपादित करें

नीति शॉर्टकट:
वि:कुंजीनहीं
वि:पाठनहीं
वि:आध्यात्मिकनहीं
वि:पाठ्यपुस्तकनहीं
वि:भारीशब्दनहीं
वि:शिक्षानहीं
वि:वैज्ञानिकपत्रिकानहीं
वि:ग्रन्थनहीं
वि:अतिऔपचारिक

विकिपीडिया एक ज्ञानकोश है, कोई कुंजी, संदर्शिका, आध्यात्मिक पुस्तक, पाठ्यपुस्तक, पाठ, ग्रन्थ या वैज्ञानिक पत्रिका नहीं। विकिपीडिया के लेख पढ़ने में निम्नलिखित चीज़ों जैसे नहीं होने चाहिए:

  1. कुंजी या संदर्शिका। विकिपीडिया में लोगों, जगहों और चीज़ों का विवरण ज़रूर है लेकिन लेख किसी कुंजी, नुस्ख़े, सलाह या सुझाव के रूप में नहीं होने चाहिए। इसमें किसी चीज़ को सीखने के पाठ, किसी खेल में जीतने की तरकीबें, कोई व्यंजन पकाने के नुस्ख़े, किसी बीमारी का इलाज करने की सलाह, इत्यादि नहीं होनी चाहिए। किसी बिमारी पर लेख हो तो उसमें प्रमाणित स्रोतों के साथ यह कहा जा सकता है कि डाक्टर उसका इलाज किस प्रकार करते हैं लेकिन उसका इलाज करने के लिए मशवरे के रूप में कोई विधि देना वर्जित है।[4] अगर आप लोगों को किसी चीज़ को करने की सलाह या विधि देना चाहते हैं तो उसे विकीहाओ पर डाल सकते हैं या हमारी साथी विकिबुक्स परियोजना पर जा सकते हैं।
  2. यात्रा मार्गदर्शिकादिल्ली के लेख में उस शहर के क़ुतुब मीनार और लाल क़िले जैसे मशहूर स्थलों के बारे में लिखा होना चाहिए लेकिन उसमें अपने मनपसंद होटल का फ़ोन नम्बर, धौला कुआँ के चौराहे पर सबसे बढ़िया तरबूज़ बेचने वाले का नाम या ख़ान मार्किट में क़ुल्फ़ी के भाव डालना उचित नहीं है। विकिपीडिया में ऐसी सामग्री न डालें जो सफ़रनामों और यात्रा संदर्शिकाओं में जानी चाहिए। जो स्थान उल्लेखनीय हैं उनका ज़िक्र किया जा सकता है लेकिन दिल्ली के लेख में दिल्ली की प्रत्येक उल्लेखनीय चीज़ डालने की कोई तुक नहीं है। अगर ऐसा किया गया तो लेख पढ़ने लायक़ नहीं रहेगा। अगर आप यात्रियों की मदद करने के लिए किसी स्थान के सभी आकर्षणों की जानकारी डालना चाहते हैं तो विकिपीडिया की बजाय विकीयात्रा (विकीट्रैवल) या विकिया ट्रैवल पर ज़रूर डालें।
  3. वीडियो खेलों की कुंजी। किसी उल्लेखनीय वीडियो खेल या कम्प्यूटर खेल के बारे में बने लेख में उसके मुख्य नियमों और खिलाड़ी के जीतने के लिए आवश्यक मुख्य चालों को डालना ठीक है, लेकिन उस खेल के हर पहलु के बारे में विस्तार देना उचित नहीं। लेख में हर सम्भव चाल, हर अंक बटोरने की तरक़ीब और खेल के हर मरहले के बारे में जानकारी न डालें। ज्ञानकोश में खेल के विषय में जानकारी दी जानी चाहिए, लेकिन खिलाड़ियों को जीतने का प्रशिक्षण देना ध्येय नहीं है। इस नीति के बारे में और जानकारी अंग्रेज़ी भाषा में वि:वीजीस्कोप पर उपलब्ध है।
  4. इन्टरनेट संदर्शिका। विकिपीडिया के लेखों में किसी उल्लेखनीय वेबसाईट के बारे में सिर्फ़ उसकी श्रेणी, रूपरंग और सेवायों को ही न बताएँ बल्कि साथ-ही-साथ उसके इतिहास, महत्व, सम्बंधित घटनाक्रम, उपलब्धियों और असफलताओं के सार को भी निष्पक्ष-दृष्टिकोण से ज्ञानकोश-अनुकूल ढंग में प्रस्तुत करें।
  5. अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों की सूची। विकिपीडिया लेखों को किसी विषय के बारे में 'अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों की सूची' के रूप में जानकारी नहीं देनी चाहिए। इसके बजाए लेखों में ही यह जानकारी साधारण गद्य के रूप में डालें।
  6. पाठ्यपुस्तक। विकिपीडिया एक ज्ञानकोश है, शिक्षा की पुस्तक नहीं। विकिपीडिया का मक़सद तथ्यों को पेश करना है, शिक्षा के लहजे में ज्ञान प्रदान करना नहीं। पाठ की तरह लगने वाले लेख लिखना उचित नहीं है। अगर आप शिक्षक के स्वर में लिखना चाहते हैं तो अपनी सामग्री विकिपीडिया पर न डालें। इसके बजाए विकिबुक्स, विकिसोर्स और विकीवर्सिटी पर जाकर योगदान दें। ऐसे लेख लिखना जिसमें पाठकों से प्रश्न पूछे जाएँ विकिपीडिया पर अनुचित है। साधारण पाठकों के पढ़ने के लिए आसानी बनाए रखने के लिए यह भी ज़रूरी है कि सामग्री को बिना खंडों में विभाजित किये लम्बे परिच्छेदों में प्रस्तुत नहीं किया जाए। लेख पढ़ने में सरल होने चाहिए। जहाँ तक सम्भव हो कुछ समझदारी से चुने हुए सम्बंधित चित्रों का भी प्रयोग करें।
  7. वैज्ञानिक पत्रिका या शोध निबंध। विकिपीडिया के हर लेख की प्रस्तुति ऐसी होनी चाहिए की उन्हें समझने के लिए उस विषय में पहले से ही महारत होने की आवश्यकता न हो। ऊपर के सबसे पहले वाले अनुच्छेद और सभी शुरू के खंडों में बिलकुल साधारण बोली में महत्वपूर्ण तथ्य लिखे होने चाहिए। इन्हें किसी भी हिन्दी पढ़ सकने वाले आम पाठक को बिना विशेष ज्ञान हुए समझ पाना चाहिए। हाँ, अग्रिम और पेचीदा शब्दों और अवधारणाओं वाले लेखों के लिए जोड़ डाले जा सकते हैं लेकिन उन्हें डालते हुए यह ध्यान में रखें कि अधिकतर पाठक उन जोड़ों पर कभी क्लिक नहीं करेंगे। हर सम्भव प्रयत्न करें कि पाठकों को विषयों का मूल सार समझने के लिए लेख-से-लेख भटकना न पड़े।
  8. पाठशाला वाली, आकादमीय या प्रशिक्षण वाली भाषा। लेख आम पाठकों के लिए लिखे जाने चाहिए, विद्यार्थियों के लिए नहीं। जहाँ तक सम्भव हो, लेखों के नाम रोज़मर्रा में प्रयोग होने वाली भाषा पर आधारित कीजिये, विद्यालयों और विश्वविद्यालयों की भाषा पर नहीं।
  9. अति-विशिष्ट चीज़ों पर लेख। किसी बहुत ही विशिष्ट मौज़ू पर लेख लिखने से पहले स्वयं से पूछें कि क्या यह विषय वास्तव में उल्लेखनीयता के मापदंड पर खरा उतरता है। उदाहरण के लिए 'जोधपुर में गन्ने के रस की बिक्री' के लिए आप जोड़-तोड़ करके शायद सामग्री एकत्रित कर लें लेकिन अगर जोधपुर किसी सांस्कृतिक या आर्थिक कारणों से गन्ने के रस के लिए विशेष रूप से नहीं जाना जाता तो ऐसा बारीक़ लेख उल्लेखनीय नहीं है और इसे न बनाए।

विकिपीडिया ज्योतिषी या भविष्य-दर्पण नहीं है संपादित करें

नीति शॉर्टकट:
वि:ज्योतिषी
वि:ज्योतिष
वि:भविष्य
वि:भविष्यवाणी
वि:ज्योतिषनहीं
वि:ज्योतिषीनहीं
वि:भविष्यनहीं

विकिपीडिया पर अप्रमाणित भविष्यवानियाँ करना वर्जित है। अगर किसी लेख में किसी भविष्य में होने वाली घटना की अपेक्षा की जाती है तो उसके लिए भरोसेमंद और प्रमाणित स्रोतों का डालना आवश्यक है। और ऐसे लेख केवल उन विषयों पर होने चाहिए तो घटना घट जाने के बाद उल्लेखनीय होंगे। सम्पादकों के लिए ऐसे लेखों में अपने मूल विचार, राय या खोज जोड़ना हमेशा अनुचित है। स्रोतों के साथ प्रमाणित विशेषज्ञों के भविष्यवाणी करने वाले कथन ज़रूर जोड़े जा सकते हैं लेकिन सम्पादकों को ऐसा बहुत सावधानी से किसी तथ्य पर अनुचित भार न डालते हुए करना चाहिए। अगर दो झगड़ते देशों, चमकिस्तान और जमकिस्तान, के युद्ध के बारे में १०० विशेषज्ञों का कथन है कि दोनों में से कोई नहीं जीत पाएगा और २ का कथन है कि जमकिस्तान जीतेगा, तो लेख में उन दो विद्वानों के आधार पर जमकिस्तान के जीतने की संभावना पर अधिक वज़न देना ग़लत होगा। विशेषकर अगर कोई नई फ़िल्म या किताब आने वाली है तो विज्ञापनबाज़ी और अप्रमाणित तथ्यों को प्रस्तुत करने से बचे (जैसा कि 'यह फ़िल्म ज़रूर हिट होने वाली है')। विशेषकर फ़िल्मों के सम्बन्ध में बनी नीति (अंग्रेज़ी में) को भी देख लें। विशेषकर, ध्यान दें कि:

  1. किसी भविष्य में होने वाली घटना के बारे में तभी लिखें जब वह उल्लेखनीय हो और उसके वास्तव में घटने की लगभग पूरी संभावना हो। जब तक घटना हो न जाए, उसकी तिथियों को पक्का नहीं मानना चाहिए। अगर किन्ही घटनाओं की तैयारियाँ ज़ोर पकड़ रहीं हैं तो लेखों में उनके होने की सम्भावना को स्रोतों के साथ प्रमाणित करने की ज़रुरत है। उदाहरण के लिए जून २०१२ में लिखे लेख में लन्दन में होने वाले २०१२ ग्रीष्मकालीन ओलम्पिक खेलों पर लेख स्रोतों के साथ डाला जा सकता है लेकिन २०६० ग्रीष्मकालीन ओलम्पिक खेलों की कोई तैयारी नहीं चल रही और वह इतना आगे भविष्य में है कि उसपर लेख नहीं बनाना चाहिए। हाँ, अगर किसी लेख में किसी कारणवश ज़रुरत हो तो कहा जा सकता है कि ओलम्पिक खेलों की समय-श्रृंखला के अनुसार २०६० में ओलम्पिक खेलों का आयोजन अपेक्षित होगा, हालांकि ओलम्पिक आयोजन के हर अपेक्षित वर्ष की सूची बनाना अनुचित है। अगर भविष्य में बहुत दूर कोई बहुत ही महत्वपूर्ण घटना होने वाली है जिसपर बहुत से प्रमाणित और भरोसेमंद स्रोत हैं, तो उसपर लेख भी बनाया जा सकता है। उदाहरण के लिए अंग्रेज़ी विकिपीडिया में ब्रह्माण्ड का अंतिम भाग्य नामक एक बिलकुल उचित लेख बना हुआ है जिसमें आज से अरबों वर्षों बाद ब्रह्माण्ड के भविष्य पर सामग्री सम्मिलित है।
  2. किसी भविष्य में होने वाली घटनाओं के लिए पहले से निर्धारित नामों की सूची के नामों पर लेख तब तक न बनाएँ जब तक उनके बारे में उल्लेखनीय और पार्याप्त जानकारी न हो। उदाहरण के लिए पंद्रहवी लोक सभा सन् २००९ के चुनावों में निर्वाचित होकर आई। भविष्य में 'तीसवी लोक सभा' का भी गठन होना लगभग यक़ीनी है, लेकिन उसके बारे में जानकारी अपार्याप्त है। इसलिए 'तीसवी लोक सभा' नामक लेख न बनाएँ। इसके विपरीत भविष्य में होने वाली कुछ वैज्ञानिक खोजों के लिए लेख बनाए जा सकतें हैं क्योंकि उनके बारे में अक्सर प्रमाणित और काफ़ी जानकारी होती है। मसलन शुद्ध और अनुप्रयोगिक रसायन का अंतरराष्ट्रीय संघ (आई यू पी ए सी) पहले से ही कुछ ऐसे रासायनिक तत्वों (एलिमेंटों) के नाम निर्धारित कर लेता है जिनका अस्तित्व अभी किसी प्रयोगशाला में प्रमाणित भी नहीं हुआ होता।
  3. भविष्य में बनने वाले इतिहास को प्रस्तुत करने वाले लेख विकिपीडिया पर अनुचित हैं। विकिपीडिया में आज के तथ्यों को पेश किया जाता है न कि आने वाले तथ्यों का। हाँ, ऐसे लेख जो प्रमाणित स्रोतों के प्रयोग से विशेषज्ञों, कलाकारों और शोधकर्ताओं के भविष्य-सम्बन्धी अनुसन्धान, विचार, काल्पनिक कृतियाँ या भविष्यवाणियाँ संतुलित और निष्पक्ष लहजे में प्रस्तुत करतें हों विकिपीडिया पर स्वीकार्य हैं। इसलिए अमेरिकी विज्ञान कथा (साइन्स फ़िक्शन) टेलिविझ़न धारावाहिक "स्टार ट्रेक" पर आधारित "स्टार ट्रेक में प्रयोग होने वाले हथियारों की सूची" नामक लेख उचित है लेकिन "तृतीय विश्वयुद्ध में प्रयोग होने वाले हथियारों की सूची" उचित नहीं है।
  4. यह सच है कि बहुत-सी ऐसे वैज्ञानिक धारणाएँ हैं जो आगे जाकर झूठी साबित होती हैं और इसके विपरीत ऐसी भी बहुत-सी विवादित धारणाएँ हैं जो आगे चलकर सच साबित होती हैं, लेकिन इनपर पक्ष लेना या भविष्यवाणियाँ करना विकिपीडिया का काम नहीं।
  5. विकिपीडिया उत्पादनों, व्यापारों या सेवाओं के बारे में घोषणाएँ करने या अफ़वाहें फैलाने की जगह नहीं है। विकिपीडिया पर नए उत्पादनों, व्यापारों और सेवाओं के बारे में सबसे नई ज्ञात जानकारी डालना अच्छी बात है लेकिन ऐसे छोटे लेख लिखना जो केवल ऐसी घोषणाएँ करें अनुचित है। अगर किसी उत्पादन के बारे में अपार्याप्त प्रमाणित जानकारी है तो उसे एक या दो वाक्यों में किसी अन्य सम्बंधित लेख में शामिल किया जाना चाहिए। उसका अलग चंद वाक्यों वाला लेख न बनाएँ।

विकिपीडिया अख़बार नहीं है संपादित करें

नीति शॉर्टकट:
वि:नहीं#ख़बर
वि:नहीं#अख़बार
वि:नहीं#पत्रकारी
वि:नहीं#समाचार
वि:ख़बरनहीं
वि:खबरनहीं
वि:अख़बारनहीं
वि:रोज़नामानहीं
वि:समाचारपत्रनहीं
वि:पत्रकारीनहीं

विकिपीडिया काग़ज़ पर छपा हुआ नहीं है इसलिए इसपर नई-से-नई जानकारी के प्रयोग से लेखों को कभी-भी सुधारा जा सकता है और सुधारा जाना चाहिए। लेकिन हर ख़बर और हर घटना को विकिपीडिया में न डालें भले ही वे प्रमाणित ही क्यों न हों। विकिपीडिया के लेखों में निम्नलिखित नहीं होना चाहिए:

  1. पत्रकारिता विकिपीडिया पर विकिसदस्यों के आँखों-देखे बयान नहीं होने चाहिए क्योंकि वे [वि:संश्लेषण|प्राथमिक स्रोत]] नीति का उल्लंघन करते हैं। विकिपीडिया पर प्रस्तुत हर तथ्य का प्रमाणित और विकिपीडिया से पूरी तरह अलग स्रोतों से आना ज़रूरी है। अगर आप अपनी तरफ़ से स्वयं प्राथमिक स्रोत बनना चाहते हैं तो हमारी साथी विकिसोर्स और विकीन्यूज़ परियोजनाओं पर योगदान दीजिये। विकिपीडिया पर लेख अख़बारी शैली में नहीं लिखे जाते।
  2. ख़बरें हालांकि विकिपीडिया के लेखों के लिए समाचारपत्रों में छपी ख़बरें बहुत महत्वपूर्ण स्रोत हो सकतें हैं, लेकिन अधिकतर ख़बरें छापे जाने के लिए ठीक पर ज्ञानकोश के दृष्टिकोण से उल्लेखनीय नहीं होतीं। उदाहरण के लिए आए दिन खेलों, मशहूर हस्तियों से सम्बंधित चीज़ों, छोटी-मोटी दुर्घटनाओं और घोषणाओं की ख़बरें छपती रहती हैं लेकिन यह ज्ञानकोश के लिए उचित नहीं हैं। विकिपीडिया में सम्मिलित चीज़ों की उल्लेखनीयता स्थाई होनी चाहिए, यानि आज से वर्षों और दशकों बाद भी उन्हें महत्वपूर्ण समझा जाना चाहिए। विशेष ध्यान दें कि ताज़ा उल्लेखनीय जानकारी लेखों में डालना उचित है लेकिन इसे ऐसे लिखें कि यह अन्य प्रस्तुत जानकारी के साथ हिल-मिल जाए। आप चाहें तो घटनाओं की उल्लेखनीयता नीति पर भी नज़र डाल सकते हैं।
  3. ग़ैर-उल्लेखनीय व्यक्तियों का विवरण अक्सर किसी उल्लेखनीय घटना से सम्बंधित लोग स्वयं उल्लेखनीय नहीं होते। अगर किसी व्यक्ति का नाम केवल एक ही घटना से सम्बंधित होने के लिए उल्लेखनीय है, तो अक्सर उस व्यक्ति के नाम का लेख बनाना उचित नहीं होता। इसके बजाए उसका नाम केवल उस घटना के लेख में ही सम्मिलित होना चाहिए और उसपर उचित से अधिक भार नहीं डालना चाहिए। अधिक जानकारी के लिए जीवित व्यक्तियों की जीवनियों पर नीति पढ़ें।
  4. दिनचर्या, रोज़नामा या डायरी किसी व्यक्ति के बारे में लिखते हुए ध्यान दें कि हालांकि कोई व्यक्ति उल्लेखनीय हो सकता है, उससे सम्बंधित अधिकतर घटनाएँ और तथ्य उल्लेखनीय नहीं होते। टेलिविझ़न और समाचार-पत्रों में मशहूर हस्तियों के बारे में छोटी-छोटी ख़बरों का तांता बंधा रहता है लेकिन इन सभी तथ्यों को किसी लेख में शामिल किया जाए तो वह लेख उस व्यक्ति का निजी रोज़नामा (डायरी) लगने लगेगा। किसी क्रिकेट के प्रसिद्ध खिलाड़ी के बारे में उसके लिए हर रन, उसके खेले हर मैच और उसके मिलाए हर हाथ के बारे में जानकारी देना ज्ञानकोश के लिए उचित नहीं है।

विकिपीडिया मनमानी चीज़ों के बारे में जानकारी का संग्रह नहीं है संपादित करें

नीति शॉर्टकट:
वि:मनमानी
वि:अंधाधुंध
वि:मनमर्ज़ी
वि:गानोंकेबोलनहीं
वि:मनमानीनहीं

कोई तथ्य सिर्फ़ सच होने से या प्रमाणित होने से ही ज्ञानकोश में सम्मिलित होने के लिए उचित नहीं बन जाता। विकिपीडिया के लेखों में यह बातें नहीं होनी चाहिए:

  1. केवल किसी रचना का सार, बिना अतिरिक्त जानकारी के। विकिपीडिया पर उपन्यास और अन्य कथा-आधारित (फ़िक्शन) साहित्य के बारे में ज्ञानकोशीय अंदाज़ में लिखा जाना चाहिए। इसका मतलब है कि उसके कथानक के सार के साथ-साथ उस उपन्यास के बारे में अन्य जानकारी भी देनी चाहिए, मसलन उसके बारे में समीक्षकों ने क्या कहा, लेखक ने उसे कब छपवाया, उसका भाषांतरण हुआ कि नहीं, इत्यादि। सार लिखने के लिए सार लिखने की शैली पर नीति देख लें। यही निर्देश कथेतर साहित्य (नॉन-फ़िक्शन), धार्मिक ग्रंथों, शोध निबंधों और पुस्तकों और दस्तावेज़ी फ़िल्मों (डॉक्यूमॅन्टरियों) पर भी लागू होता है।
  2. केवल गानों के बोल। किसी गाने पर बने लेख में उसके लेखक, प्रकाशन तिथि, सामाजिक या सांस्कृतिक प्रभाव, सम्बंधित फ़िल्म, इत्यादि का ज़िक्र होना चाहिए। गाने या कविता की शैली दिखाने के लिए उसके कुछ चुने हुए बोल दर्शाए जा सकते हैं। अगर गाना मुद्राधिकारों (कॉपीराईट) से मुक्त है तो उसके पूरे बोल विकिसोर्स पर डाले जा सकते हैं। अगर गाना मुद्रधिकारों से मुक्त नहीं है तो उसके कुछ चुने हुए बोलों को गाने की शैली दिखने के लिए या गाने के बारे में कोई टिप्पणी करने के लिए क़ानून में इजाज़त दी जाती है। कभी भी ऐसी किसी बाहरी वेब पृष्ठ के लिए जोड़ न डालें जिसपर पूरा गाना लिखा हुआ हो क्योंकि यह मुद्रधिकारों का उल्लंघन हो सकता है। और जानकारी के लिए प्राथमिक स्रोतों की पूर्ण लिखाई न डालने की नीति पर नज़र दौड़ा लें।
  3. आवश्यकता से अधिक आंकड़े। किसी लेख को आंकड़ों की लम्बी तालिकाओं और सूचियों से भर दिया जाए तो वह पाठकों के पढ़ने-योग्य नहीं रहता और दिखने में भी भद्दा लगता है। आंकड़ों के साथ-साथ उनका अर्थ, महत्व और सही सन्दर्भ समझने के लिए भी कुछ वाक्य होने चाहिए। अगर बहुत से आंकड़े हैं तो उन्हें एक तालिका (टेबल) में प्रस्तुत करने की कोशिश करें। अगर ज़रूरी नहीं है तो ज़्यादा आंकडें प्रस्तुत न करें या संक्षिप्तता से प्रस्तुत करें।

विकिपीडिया अभिवेचित (सेंसर किया गया) नहीं है संपादित करें

नीति शॉर्टकट:
वि:सेंसर
वि:सेन्सर
वि:सेंसरित
वि:अभिवेचन
वि:अभिवेचित
वि:सेंसरनहीं
वि:अभिवेचननहीं

विकिपीडिया पर ऐसी सामग्री हो सकती है जिसे कुछ पाठक अनपी सांस्कृतिक, धार्मिक या व्यक्तिगत मान्यताओं के हिसाब से आपत्तिजनक, घृणायोग्य या दुखदायक माने। विकिपीडिया इस बात की कोई ज़मानत नहीं दे सकता कि उसमें प्रस्तुत लिखाई और छवियाँ सभी पाठकों और सभी स्थानों के लिए स्वीकार्य होंगी, या स्थानीय मान्यताओं का हमेशा आदर करेंगी।

विकिपीडिया पर कोई भी सम्पादन कर सकते है और लगभग सभी परिवर्तन विकिपीडिया पर फ़ौरन दर्शाए जाते हैं। कभी-कभार विकिपीडिया की नीतियों का उल्लंघन करने वाली सामग्री कुछ देर के लिए प्रदर्शित हो जाती है हालांकि उसे अक्सर अन्य संपादक जल्द ही हटा देते हैं। विकिपीडिया की जीवित व्यक्तियों की जीवनी, निष्पक्षता नीति या अन्य नीतियों का उल्लंघन करने वाली सामग्री हटा दी जाएगी। विकिपीडिया की सामग्री संयुक्त राज्य अमेरिका के फ़्लोरिडा राज्य में स्थित संगणक (कम्प्यूटर) सर्वरों पर जमा की जाती है और उस राज्य का स्थानीय क़ानून उल्लंघन करने पर हटा दी जाएगी।

इस सब के बावजूद, कुछ लेखों में ऐसी लिखाई, चित्र और जोड़ होंगे जो कुछ पढ़ने वालों को बुरे लगेंगे हालांकि वे लेखों से सम्बंधित हैं। इसके बारे में नीति यह है कि सामग्री केवल बुरी लगने के कारण नहीं हटाई जा सकती। केवल वही सामग्री जो विकिपीडिया नीति या फ़्लोरिडा के क़ानून का उल्लंघन करती है हटाई जाएगी। अगर आप किसी सामग्री को हटवाने के बारे में बातचीत का हिस्सा बनते हैं तो ध्यान दें कि आपके तर्क उसके उस लेख के लिए उचित होने पर केन्द्रित हों।

विकिपीडिया ऐसी कोई सामग्री नहीं हटायेगा जो किसी संगठन के नीतियों के विरुद्ध हो या जिसका इन्टरनेट पर प्रदर्शित होना उसके नियमों के ख़िलाफ़ हो। किसी संगठन, संस्थान या धार्मिक गुट का कोई नियम जो उसके अपने सदस्यों को नामों या चित्रों को खुले तौर पर दिखाने से रोकता है विकिपीडिया पर क़तई लागू नहीं है क्योंकि विकिपीडिया ऐसे किसी दल का सदस्य नहीं है।

उपरलिखित नीतियाँ सामग्री पर लागू होती हैं। विकिपीडिया के प्रशासन और प्रक्रियाओं के लिए नीचे लिखी नीतियाँ बनी हैं।

विकिपीडिया अव्यवस्थित नहीं है संपादित करें

नीति शॉर्टकट:
वि:अराजकतानहीं
वि:अराजकता
वि:अव्यवस्थानहीं
वि:मुक्तबोलीनहीं

राजनैतिक सोच में एक राजनैतिक प्रणाली 'अराजकता' (एनार्की) की भी है, जिसमें समाज या देश में कोई औपचारिक प्रशासन होता ही नहीं। विकिपीडिया खुला और स्वतन्त्र है और उसपर कोई भी योगदान दे सकता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है की इसमें अराजकता है। इसमें मनमानी नहीं चलती और इसमें बिना किसी सीमा के मुक्त बोली नहीं है। यह एक स्व-प्रशासित समाज है। इसमें नीति-नियम हैं। यह भी ध्यान दें कि विकिपीडिया का ध्येय एक ज्ञानकोश बनाना है, राजनैतिक या प्रशासनिक प्रणालियों पर तजुरबे करना नहीं।

विकिपीडिया जनतंत्र नहीं है संपादित करें

नीति शॉर्टकट:
वि:जनतंत्रनहीं
वि:गणतंत्रनहीं
वि:लोकतंत्रनहीं

विकिपीडिया जनतंत्र या किसी भी अन्य राजनैतिक प्रणाली पर किया जा रहा प्रयोग नहीं है। इसका फ़ैसले करने का मुख्य तरीक़ा सम्पादन और संवाद है, मतदान नहीं। कभी-कभी सम्पादक एक दूसरे के मत जानने के लिए छोटी-मोटी गिनतियाँ कर लेते हैं लेकिन इनके नतीजे सहमती बनाने का इकलौता मार्ग बिलकुल नहीं हैं। औपचारिक चुनाव केवल सदस्यों को कमेटियों के लिए चुनने में प्रयोग होते हैं। सम्पादन में इनके ज़रिये ज़बरदस्ती फ़ैसले करवाने की कोशिश न करें।

विकिपीडिया जंग का मैदान नहीं है संपादित करें

नीति शॉर्टकट:
वि:युद्धक्षेत्रनहीं
वि:जंगकामैदाननहीं
वि:युद्धनहीं
वि:गुटनहीं

विकिपीडिया द्वेष रखने, दुश्मनियाँ बनाने या दिखाने, व्यक्तिगत झड़पों में पड़ने, विचारधाराओं की लड़ाई लड़ने और नफ़रत या भय बढ़ाने की जगह नहीं है। विकिपीडिया के संवादों को व्यक्तिगत युद्धों में बदल देना हमारी नीतियों और ध्येयों के विरुद्ध है। बातचीत में लड़ाई से दूर रहने के साथ-साथ, विवादों में अपने निजी दृष्टिकोण को नीतियाँ या सामग्री बदलकर अधिक मज़बूत करने का प्रयास न करें। कभी भी अपनी बात समझाने के लिए विकिपीडिया के काम या विकास में अड़चन न डालें

सभी सदस्यों से उम्मीद की जाती है कि वह शिष्टता, शान्ति और सहयोग की मानसिकता से दूसरों के साथ व्यवहार करेंगे। विवादों में दूसरों का अपमान न करें, उन्हें परेशान न करें और उन्हें डराने की कोशिश न करें। बुद्धिमानी और विवेक से काम लें। अगर कोई आप से अशिष्टता से पेश आये या आपको डराने या तंग करने की कोशिश करे तो अपनी समझदारी का सहारा लेकर स्वयं को बेकार की लड़ाई में पड़ने से रोकें। इसके बजाए केवल प्रस्तुत किये गए लेख-सम्बन्धी तथ्यों पर ध्यान देकर उसपर संवाद करें। अगर कोई लगातार बदतमीज़ी से पेश आये तो हो सके तो उसे नज़रंदाज़ ही कर दें - उस से बातचीत न करें। अगर बहुत परेशानी हो तो मामला विकिपीडिया:चौपाल पर लाएँ, जहाँ प्रबंधक और अन्य प्रशासक आपकी सहायता कर सकते हैं।

बड़े विवादों में विकिपीडिया को दो गुटों के बीच जंग का मैदान बनने से रोकें। सभी सम्पादकों की नीयत शुभ समझें - सभी गुट और लोग विकिपीडिया का विकास चाहते हैं। जब आपका दृष्टिकोण दूसरे से अलग हो, तो यह बात हमेशा याद रखें। जिस के साथ सहयोग करना चाहें, ज़रूर करें, लेकिन दूसरो से जूझने के लिए अपना कोई गिरोह तैयार न करें। इस से विकिपीडिया के सहमती पर आधारित फ़ैसले करने के तरीक़े में कठिनाइयाँ पैदा होती हैं। बड़ी बहसों में अच्छी नियत से विवाद करने वालों के बीच सर्वसम्मति वाले कुछ सिद्धांत ढूंढें।

विकिपीडिया पर किसी क़िस्म की धमकी न दें। यहाँ धमकियों को बर्दाश्त नहीं किया जाता और किसी को धमकाने पर आप पर प्रतिबन्ध लग सकता है।

और आख़िर में ... संपादित करें

नीति शॉर्टकट:
वि:ग़लतविचार
वि:मूर्खतानहीं

ऐसी एक बुरी चीज़ों की लम्बी सूची बनाई जा सकती है जिनमें से विकिपीडिया कोई भी नहीं है। हम पहले से ही हर उस ख़राब विचार या नीयत से निबटने की तैयारी नहीं कर सकते जो किसी को आ सकता है। इस पृष्ठ पर जितनी भी बुरी चीज़ों का वर्णन है, वह इसलिए है कि किसी-न-किसी ने यह ग़लतियाँ की हैं और हम उसके लिए तैयार नहीं थे इसलिए हमें नीति बनानी पड़ी। हमारी सोच है कि हर सम्भव बुरे विचार की तैयारी पहले से कर रखना भी अपने-आप में एक ग़लती है - वि:मटर देखिये - और जो ग़लती अभी हुई ही नहीं है उससे जूझने की कोई तुक नहीं बनती। अपने विवेक का प्रयोग करें - जब कोई विचार हानिकारक लगे तो उसे न करें।

इन्हें भी देखें संपादित करें

टिप्पणियाँ संपादित करें

  1. विकिपीडिया पर विकिपीडिया के अलावा किसी अन्य चीज़ को बेहतर बनाने का प्रयास करना मना है लेकिन 'विकिपीडिया के अंदरूनी पन्नों' (यानि जिनमें ज्ञानकोश के लेख नहीं) पर स्वयं विकिपीडिया में सुधार करने के लिए रखी गई विचारधाराओं को प्रकट करने की अनुमति है। इस विशेष सन्दर्भ में निबंध लिखना, सदस्यता बनाना/बढ़ाना और परियोजना पृष्ठ बनाना विकिपीडिया का एक स्वीकार्य भाग है।
  2. कुछ भाषाओँ के विकिपीडिया ऐसी तस्वीरें सम्मिलित करते हैं जिनका स्थानीय मुद्रधिकारों के अनुसार 'स्वीकार्य प्रयोग' किया जा सकता है। हिन्दी विकिपीडिया, और बहुत से अन्य भाषाओँ के विकिपीडिया, पर ऐसा न करने की प्रथा है। केवल मुद्राधिकार-मुक्त सामग्री डालने की कोशिश करें।
  3. मध्यस्थता विनती ०७१४०४ देखिये
  4. यह रोक विकिपीडिया के कार्य के बारे में सलाह-मशवरा देने पर लागू नहीं है।